किशनगंज : नाग पंचमी पर मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मां मनसा और नाग देवता की हुई पूजा

किशनगंज, 17 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, नाग पंचमी का पर्व सोमवार को किशनगंज शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही शहर के रुईधाशा महाकाल मंदिर, नेपालगढ़ कॉलोनी सहित विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। भक्तों ने विधि-विधान के साथ मां मनसा और नाग देवता की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगलकामना की।
रुईधाशा स्थित महाकाल मंदिर के पुरोहित गुरु साकेत ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को नाग पंचमी का पर्व मनाया जाता है। इस दिन नाग देवता एवं मां मनसा की पूजा का विशेष महत्व है। मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना करने से परिवार में सुख-शांति बनी रहती है तथा सर्पदंश का भय दूर होता है।
पर्व के अवसर पर मंदिरों में श्रद्धालुओं ने दूध, फल-फूल, धूप-दीप सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। महिलाओं और बच्चों में भी पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। सुबह से ही पूजा स्थलों पर भक्तों की आवाजाही बनी रही।
वहीं, नेपालगढ़ कॉलोनी में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शंकर विश्वास एवं संतोष दास के घर पर मां मनसा और नाग देवता की विशेष पूजा-अर्चना की गई। पूजा स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर लोगों ने परिवार और समाज के सुख-समृद्धि की कामना की।
पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद के रूप में खिचड़ी का वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान पूरे इलाके में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
नाग पंचमी के अवसर पर कई घरों में भी महिलाओं ने परंपरागत रूप से पूजा-अर्चना की। नाग देवता को दूध एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की खुशहाली और सुरक्षा की प्रार्थना की गई। पर्व को लेकर दिनभर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा।


