किशनगंज में AC तार चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
किशनगंज, 13 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, शहर में एसी के कॉपर पाइप और तार चोरी करने वाले गिरोह का किशनगंज पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार करते हुए चोरी किए गए एसी के कॉपर पाइप के कटे हुए टुकड़े और इंसुलेटेड एसी पाइप बरामद किए हैं। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और मामलों के उद्भेदन के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
गुरुवार को पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सुनील कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि 10 अगस्त को गुदरी बाजार लोहारपट्टी स्थित मेराज फैशन दुकान के मालिक इजहारूल हक ने पुलिस को सूचना दी कि दुकान में लगे तीन एसी के तार चोरी कर लिए गए हैं।चोरी गए सामान की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई। दुकान के पीछे लगा सीसीटीवी कैमरा भी क्षतिग्रस्त मिला।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। फुटेज में एक युवक दुकान की पिछली दीवार पर चढ़कर एसी का तार काटते हुए दिखाई दिया। उसकी पहचान मो. फैजान उर्फ बुक्का, निवासी कागजिया बस्ती, चुड़ीपट्टी के रूप में हुई। पूछताछ और अनुसंधान के दौरान दूसरे आरोपी मो. जावेद की संलिप्तता भी सामने आई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी किए गए तार को कबाड़ी दुकान में बेचने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर कटे हुए कॉपर पाइप/कॉपर ट्यूबिंग के टुकड़े और इंसुलेटेड एसी पाइप बरामद किए गए। मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 903/26, दिनांक 12 अगस्त 2026 को धारा 303(2)/3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले में कबाड़ी दुकानदार मोहम्मद शमसाद की भूमिका की भी जांच कर रही है।
छापेमारी दल में एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह, थानाध्यक्ष मुकेश कुमार समेत किशनगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल रहे।



