किशनगंज : स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर फुल ड्रेस रिहर्सल, डीएम-एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
किशनगंज, 13 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को लेकर गुरुवार को शहीद अशफाक उल्ला खां स्टेडियम, खगड़ा में फुल ड्रेस रिहर्सल एवं मॉक ड्रिल कराया गया। जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की मौजूदगी में ध्वजारोहण कार्यक्रम की तैयारियों का अभ्यास किया गया। अधिकारियों ने समारोह स्थल पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
15 अगस्त को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को लेकर स्टेडियम में यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और रंग-बिरंगी पताकाओं से सजावट का कार्य कराया गया है। इसके अलावा राष्ट्रीय ध्वज फहराने, परेड, मार्च पास्ट, बैंड एवं बिगुल, ध्वनि विस्तारक यंत्र, शामियाना और कुर्सियों की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। समारोह के दौरान पेयजल, अल्पाहार, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा की भी समुचित व्यवस्था रहेगी।
बारिश को देखते हुए स्टेडियम परिसर में वर्षा का पानी शीघ्र निकालने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। परिसर में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और विशेष साफ-सफाई भी कराई गई है। समारोह के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी-सह-संपर्क पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
मुख्य समारोह में बीएसएफ की एक प्लाटून, एसएसबी की एक प्लाटून, डीएपी महिला एवं पुरुष की एक प्लाटून, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड तथा अग्निशमन दस्ते की टुकड़ियां परेड एवं मार्च पास्ट में शामिल होंगी। राष्ट्रीय गान, उद्घोषणा और मुख्य अतिथि के अभिभाषण की भी तैयारी पूरी कर ली गई है।
वहीं, जिले के चिन्हित महादलित टोलों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। रिहर्सल के दौरान उप विकास आयुक्त, पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



