किशनगंज : तिरंगा यात्रा में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब, हजारों लोगों ने लहराया राष्ट्रीय ध्वज

किशनगंज, 12 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को जिला प्रशासन की ओर से शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों की संख्या में लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर हिस्सा लिया। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रहा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ पश्चिमपाली चौक से हुआ। यहां से यात्रा चुड़ीपट्टी, फल चौक, गांधी चौक और डी मार्केट होते हुए समाहरणालय परिसर पहुंची। एक किलोमीटर से अधिक लंबे यात्रा मार्ग पर जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। लोग अपने घरों और दुकानों के बाहर खड़े होकर तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाते नजर आए। यात्रा के दौरान लोगों ने तिरंगा लहराते हुए देशभक्ति के नारे लगाए।
तिरंगा यात्रा में जिलाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी शामिल हुए। किशनगंज सदर विधायक कमरुल होदा, कोचाधामन विधायक सरवर आलम, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह लक्खा, जदयू जिलाध्यक्ष फैसल अहमद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सहाबुल अख्तर, मिक्की साहा समेत कई जनप्रतिनिधियों ने भी तिरंगा यात्रा में भाग लिया।
यात्रा में एसएसबी के सशस्त्र जवानों, बिहार पुलिस के जवानों, विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मियों, एएनएम विद्यालय की छात्राओं तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। सभी अनुशासन के साथ हाथों में तिरंगा लेकर आगे बढ़े। विद्यार्थियों और जवानों की भागीदारी ने यात्रा के उत्साह को और बढ़ा दिया।
समाहरणालय परिसर में यात्रा के समापन के बाद जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया जाए।



