किशनगंज : दूसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

किशनगंज, 10 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सावन माह की दूसरी सोमवारी पर सोमवार को जिलेभर के शिवालयों में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अहले सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। शहर के पूरबपाली स्थित ऐतिहासिक बाबा भूतनाथ गौशाला शिव मंदिर में करीब 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।
सदर प्रखंड के बेलवा स्थित महानंद नदी और ओदरा घाट स्थित डोंक नदी से बड़ी संख्या में कांवड़िये पवित्र जल लेकर बाबा भूतनाथ मंदिर पहुंचे।श्रद्धालुओं ने करीब 15 किलोमीटर की पदयात्रा कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। कंधों पर कांवड़ और हाथों में पूजा सामग्री लिए श्रद्धालु पूरे रास्ते शिवभक्ति में लीन नजर आए। मंदिर पहुंचकर भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बेलपत्र, धतूरा, दूध, अक्षत और पुष्प अर्पित किए। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी के साथ सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात रहे। प्रवेश से पहले सुरक्षा जांच और महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई। सीसीटीवी कैमरों से मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी रखी गई। कांवड़ यात्रा को सुचारू रखने के लिए कुछ मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव और रूट डायवर्जन भी किया गया।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर सेवा शिविर लगाए गए, जहां पेयजल, शरबत, प्राथमिक उपचार और विश्राम की व्यवस्था रही। बजरंग दल, वीर शिवाजी सेना समेत विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के स्वयंसेवक कांवड़ियों की सेवा में जुटे रहे।
बेलवा स्थित महानंदा नदी घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ की टीम तैनात रही। वहीं ठाकुरगंज शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में भी दूसरी सोमवारी को लेकर विशेष तैयारी की गई। मंदिरों को फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। सुबह से ही श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।



