District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : वन स्टॉप सेंटर में पीड़ित महिलाओं को मिले बेहतर सुविधा, डीएम ने दिए निर्देश

महिला एवं बाल विकास निगम की योजनाओं की समीक्षा, 80 प्रतिशत पूरा हुआ सेंटर भवन का निर्माण

किशनगंज, 10 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को महिला एवं बाल विकास निगम के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक हुई। समाहरणालय में आयोजित बैठक में मिशन शक्ति, वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला हेल्पलाइन-181, जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (डीएचईडब्ल्यू) एवं मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में डीएम ने वन स्टॉप सेंटर में पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सेंटर में पहुंचने वाली पीड़ित महिलाओं की संख्या बढ़ाने, उन्हें सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने तथा जरूरत के अनुसार चिकित्सा, कानूनी और अन्य आवश्यक सहायता दिलाने का निर्देश दिया।

वन स्टॉप सेंटर के नए भवन के निर्माण की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि भवन निर्माण का करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। डीएम ने शेष कार्य में तेजी लाते हुए भवन को जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने डीपीओ आईसीडीएस सह नोडल पदाधिकारी डब्ल्यूसीडीसी को भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

समीक्षा में बताया गया कि अप्रैल से जुलाई 2026 तक वन स्टॉप सेंटर में 96 मामले दर्ज हुए, जिनमें 83 मामलों का निष्पादन किया गया। वहीं, कुल दर्ज 1,259 मामलों में अब तक 877 मामलों का निष्पादन हुआ है, जबकि 382 मामले लंबित हैं। सेंटर में स्वीकृत 13 पदों के विरुद्ध आठ कर्मी कार्यरत हैं और पांच पद रिक्त हैं। रिक्त पदों के लिए दोबारा विज्ञापन प्रकाशित करने की जानकारी दी गई।

‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत अप्रैल से जुलाई तक 14 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। डीएम ने अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने का निर्देश दिया, ताकि बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तीकरण को लेकर समाज में जागरूकता बढ़े।

महिला हेल्पलाइन-181 की सेवाओं की समीक्षा करते हुए संकटग्रस्त महिलाओं को पुलिस, चिकित्सा एवं कानूनी सहायता से जोड़ने पर जोर दिया गया। वहीं डीएचईडब्ल्यू के माध्यम से अप्रैल से जुलाई तक 72 महिलाओं को काउंसलिंग एवं विभिन्न योजनाओं का लाभ दिए जाने की जानकारी दी गई।

बैठक में सामाजिक पुनर्वास कोष और पालना घर योजना की भी समीक्षा हुई। जिले में समाहरणालय एवं महिला थाना परिसर में दो पालना घर संचालित हैं। बैठक में डीपीओ आईसीडीएस अंकिता सिंह समेत संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button