District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : प्रेरणादायी कार्य के लिए 13 जीविका दीदियां सम्मानित, डीएम ने बढ़ाया हौसला

किशनगंज, 25 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, राज्य सरकार के ‘सेवा, संकल्प, समर्पण’ के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर शनिवार को खगड़ा स्थित सम्राट अशोक भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 13 जीविका दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी नवीन कुमार ने विभिन्न आजीविका गतिविधियों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करने वाली महिलाओं का सम्मान करते हुए उनके कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर डीएम ने कहा कि किशनगंज की जीविका दीदियां स्वरोजगार और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। विभिन्न आजीविका गतिविधियों को अपनाकर वे न केवल आर्थिक रूप से सशक्त बनी हैं, बल्कि अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियां समाज के सशक्तीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) जीविका अनुराधा चंद्रा ने बताया कि जिले के 24 हजार स्वयं सहायता समूहों से तीन लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हुई हैं। ये महिलाएं कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, सिलाई, बैंकिंग सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर आत्मनिर्भर बन रही हैं।

सम्मानित जीविका दीदियों में सदर प्रखंड की पिंकी देवी को ‘जीविका दीदी का सिलाई घर’ में उत्कृष्ट कार्य के लिए, पोठिया की अंजीमा बेगम को हरा चायपत्ता उत्पादन एवं विपणन के लिए, सदर अस्पताल में संचालित ‘जीविका दीदी की रसोई’ से जुड़ी फूलो देवी को मरीजों की सेवा के लिए तथा दिघलबैंक की चंदा देवी को जीविका दीदी अधिकार केंद्र के माध्यम से लैंगिक समानता के क्षेत्र में सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इसके अलावा मत्स्य सखी सीमा बेगम, बैंक मित्र मुन्नी कुमारी, जीविका मित्र सीपी कुमारी, अंजुम, रीता देवी, कविता कुमारी सहित अन्य जीविका दीदियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में सम्मानित महिलाओं ने इस सम्मान को आगे बेहतर कार्य करने की प्रेरणा बताया।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button