किशनगंजठाकुरगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य

ठाकुरगंज : मिन्नत नर्सिंग होम प्रकरण में कार्रवाई की मांग तेज, अवैध नर्सिंग होमों पर भी उठे सवाल

किशनगंज, 25 जुलाई (के.स.)। फ़रीद अहमद, पौआखाली में संचालित मिन्नत नर्सिंग होम से जुड़े कथित भ्रूण लिंग जांच और गर्भपात प्रकरण ने जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में नर्सिंग होम से जुड़े जकी अनवर द्वारा महिला को गर्भपात के लिए दूसरी जगह भेजने की बात स्वीकार किए जाने का दावा किया जा रहा है। आरोप है कि कथित लिंग जांच के आधार पर गर्भपात कराया गया, जबकि बाद में यह बात सामने आई कि गर्भ में पुत्र था।

इस प्रकरण के सामने आने के बाद पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेजी से उठने लगी है। लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो केवल एक संस्थान पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि इस पूरे नेटवर्क की जांच होनी चाहिए कि कहीं अवैध लिंग जांच और गर्भपात का संगठित कारोबार तो नहीं चल रहा था।

इसी बीच पौआखाली एवं आसपास के क्षेत्रों में बिना वैध मानकों के संचालित होने वाले निजी नर्सिंग होम और क्लीनिक भी चर्चा में आ गए हैं। कई संस्थान आवश्यक अनुमति, योग्य चिकित्सकों और निर्धारित स्वास्थ्य मानकों के बिना संचालित हो रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक जांच अभियान चलाने की मांग उठ रही है।

लोगों का कहना है कि यदि समय-समय पर निजी स्वास्थ्य संस्थानों का नियमित निरीक्षण और सत्यापन होता, तो इस प्रकार के गंभीर आरोपों वाले मामलों पर पहले ही अंकुश लगाया जा सकता था। नागरिकों ने जिला प्रशासन से सभी निजी नर्सिंग होम, अल्ट्रासाउंड केंद्रों और क्लीनिकों के लाइसेंस, पंजीकरण और संचालन की गहन जांच कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button