किशनगंजज्योतिष/धर्मबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : महाकाल मंदिर में 29-30 जुलाई को होगा दो दिवसीय महाकाल महोत्सव, देश-विदेश से जुटेंगे श्रद्धालु

किशनगंज, 14 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, किशनगंज शहर स्थित महाकाल मंदिर में 29 एवं 30 जुलाई 2026 को दो दिवसीय महाकाल महोत्सव का आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति के साथ किया जाएगा। यह महोत्सव गुरु पूर्णिमा एवं श्रावण मास के प्रथम दिन के अवसर पर आयोजित होगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

आयोजकों ने बताया कि महोत्सव गुरु साकेत के सान्निध्य में संपन्न होगा। इस अवसर पर काशी विश्वनाथ, वाराणसी से पधार रहे विद्वान पुरोहित एवं ज्योतिषाचार्य कृष्णकांत त्रिपाठी तथा बृजपाल त्रिपाठी वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराएंगे। दोनों दिनों तक मंदिर परिसर में भक्ति, आस्था और धार्मिक अनुष्ठानों का वातावरण बना रहेगा। आयोजकों के अनुसार महाकाल महोत्सव का आयोजन पिछले कई वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष देश के विभिन्न शक्ति पीठों से प्रतिष्ठित पुरोहितों को आमंत्रित कर विशेष धार्मिक अनुष्ठान कराए जाते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी काशी से विद्वान आचार्यों को आमंत्रित किया गया है।

महोत्सव में बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा पश्चिम बंगाल, झारखंड तथा पड़ोसी देश नेपाल से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। दो दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालु भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।

आयोजन समिति ने बताया कि महोत्सव को सफल बनाने के लिए राजेश दुबे, शैलेश ओझा, धर्मेन्द्र सिंह, शंकर केशरी, सत्यम चारुस्त, मीरा सिन्हा, अमन शर्मा, रूपा शर्मा, रिया केशरी, रोहित कुमार झा, डॉ. अमित राज, आनंद कुमार, विक्की झा, विक्की रॉय, नीतीश कुमार गुप्ता, राजीव बसाक, नितम दास, रवि दास सहित अनेक श्रद्धालु एवं सामाजिक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button