प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की प्रमुख समस्याओं के संबंध में एक समीक्षा बैठक।…

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आज 12:30 अप. में अपने कार्यालय कक्ष में माननीय उद्योग मंत्री, उद्योग विभाग के वरीय पदाधिकारियों, मगध इंडस्ट्री एसोशिएशन, गया जी जिला उद्योग संघ, वस्त्र उद्योग बुनकर सेवा समिति एवं मगध बुनकर संघ के प्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, बिहार लघु उद्यमी योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की प्रमुख समस्याओं के संबंध में एक समीक्षा बैठक की।
माननीय अध्यक्ष महोदय की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में उपरोक्त सभी योजनाओं में आ रही समस्याओं को उक्त औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा बिंदुवार तरीके से माननीय उद्योग मंत्री एवं विभाग के पदाधिकारियों के समक्ष रखा गया। सभी योजनाओं में आ रही समान समस्याओं यथा- बैंक ऋण स्वीकृति में देरी, बाजार और विपणन की समस्या, तकनीकी एवं प्रबंधन कौशल की कमी, वित्तीय साक्षरता की कमी, उद्यमों की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने की चुनौती पर माननीय मंत्री एवं विभाग के अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट किया गया।
विभाग के पदाधिकारियों ने उक्त समस्याओं के निराकरण हेतु सरकार के चल रहे कार्यक्रमों एवं भावी योजनाओं के विषय में विस्तार से जानकारी दी। जैसे बैंक ऋण की स्वीकृति को सरल एवं सुचारू करने के दृष्टिकोण से प्रत्येक जिले में लोन शिविर का आयोजन किया जायेगा। बाजार सर्वेक्षण एवं विपणन की समस्या के निराकरण हेतु बिहार राज्य मार्केटिंग अथॉरिटी का गठन किया जा रहा है। वित्तीय साक्षरता हेतु भारत सरकार के RAMP स्कीम के अंतर्गत MSME केंद्र का गठन किया जा रहा है।
तत्पश्चात, माननीय अध्यक्ष महोदय ने माननीय उद्योग मंत्री से गया जी जिले के GI टैग प्राप्त कर चुके पथरकट्टी कारीगरों की समस्याओं का निदान करने, शादीपुर में बियाडा की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने, धनामा गाँव में लगभग 50 उद्योगों को आधारभूत आवश्कताओं को उपलब्ध कराने, बियाडा बोधगया की जमीन को विस्तार करने, मानपुर की जमीन को विकसित करने एवं गया जी के तिलकुट को GI टैग प्रदान करने के संबंध में अनुरोध किया। इसके अतिरिक्त माननीय अध्यक्ष महोदय ने गया डोभी औद्योगिक कॉरिडोर परियोजना की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इस कॉरिडोर में लोकल उद्यमियों को प्राथमिकता देने का सुझाव दिया ।माननीय मंत्री ने माननीय अध्यक्ष महोदय को आश्वस्त किया कि आज के बैठक में हुए विचार-विमर्श एवं माननीय अध्यक्ष द्वारा सुझाये गए प्रस्तावों का अनुपालन यथाशीघ्र कराया जायेगा।
इस बैठक में सुश्री श्रेयसी सिंह, माननीय मंत्री, उद्योग विभाग, श्री अमन समीर, निदेशक MSME, श्री मुकुल कुमार गुप्ता, निदेशक, उद्योग, श्री विद्यानन्द सिंह, निदेशक, हथकरघा एवं रेशम उत्पादन, श्री विजय कुमार उपाध्याय, निदेशक (प्रशासन), मगध इंडस्ट्री एसोशिएशन की ओर से श्री अनुप केडिया, श्री कौशलेन्द्र प्रताप सिंह एवं श्री प्रदीप कुमार, गया जी जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष श्री रौनक सिंह सेठ, श्री शुभम श्रीवास्तव, वस्त्र उद्योग बुनकर सेवा समिति के अध्यक्ष श्री प्रेमनारायण पटवा, मगध बुनकर संघ के अध्यक्ष श्री दुखन पटवा सहित बिहार विधान सभा की प्रभारी सचिव एवं अन्य वरीय पदाधिकारीगण अपस्थित रहे।


