District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : संभावित बाढ़ को लेकर डीएम नवीन कुमार का दिघलबैंक दौरा, कटाव स्थलों का निरीक्षण कर दिए कई निर्देश

किशनगंज, 09 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, संभावित बाढ़ को देखते हुए जिलाधिकारी नवीन कुमार ने गुरुवार को दिघलबैंक प्रखंड का दौरा कर कनकई नदी एवं पश्चिमी कनकई नदी से सटे कटाव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ सुरक्षा कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण विभाग ने बताया कि छोटी गांवाबाड़ी, दोदरा, पत्थरघट्टी, बलुआडांगी तथा सिंघीमारी पंचायत के पलसा मंदिर टोला सहित नदी किनारे स्थित संवेदनशील क्षेत्रों में वर्ष 2026 की बाढ़ को ध्यान में रखते हुए बाढ़ संघर्षात्मक कार्य कराए गए हैं, जिससे फिलहाल ये स्थल सुरक्षित हैं।

जिलाधिकारी ने पत्थरघट्टी पंचायत में कनकई नदी पर बने बजा ब्रिज के अपस्ट्रीम हिस्से में हो रहे कटाव का निरीक्षण किया और वहां तत्काल बाढ़ सुरक्षा कार्य तथा बोल्डर पिचिंग कराने का निर्देश दिया। वहीं सिंघीमारी पंचायत के पलसा घाट का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि नदी का जलस्तर बढ़ने पर लोगों को आवागमन में कठिनाई होती है। इसे देखते हुए पलसा घाट के चार वार्डों के लोगों की सुविधा के लिए एसडीआरएफ टीम की अनिवार्य प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पलसा घाट पर एक महाजाल उपलब्ध कराने का भी आदेश दिया।

दौरे के क्रम में जिलाधिकारी ने दिघलबैंक प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का भी निरीक्षण किया। आरटीपीएस काउंटर सहित विभिन्न शाखाओं में लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी मामलों का पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके बाद उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दिघलबैंक का निरीक्षण किया। अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय व्यवस्था एवं मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने सभी आवश्यक दवाओं की अद्यतन सूची डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित करने तथा डॉक्टरों का अद्यतन रोस्टर मुख्य प्रवेश द्वार पर तत्काल लगाने का निर्देश दिया।

डीएम नवीन कुमार ने कहा कि संभावित बाढ़ से पहले सभी विभाग समन्वय के साथ तैयारी पूरी करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को त्वरित राहत और सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Related Articles

Back to top button