प्रमुख खबरें

गुवा की बेटी प्रियंका मिंज थाईलैंड में दिखाएंगी डांस का हुनर, सम्मान समारोह में बढ़ाया गया उत्साह

सिद्धार्थ पाण्डेय /चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम )पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा की बेटी प्रियंका मिंज (24) अपनी प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं। बचपन से ही नृत्य के प्रति गहरी रुचि रखने वाली प्रियंका अपनी टीम के साथ 15 जुलाई से बैंकॉक (थाईलैंड) में आयोजित होने वाली ग्लोबल लीग डांस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी, जहां वे अपने नृत्य कौशल का प्रदर्शन करेंगी। प्रियंका की इस उपलब्धि से गुवा क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी इस सफलता और आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागीदारी के उपलक्ष्य में गुवा के सहचरी ग्रुप की महिलाओं ने सम्मान समारोह आयोजित किया। इस दौरान उन्हें पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद प्रियंका ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता गुवा ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड की बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रियंका बैंकॉक में शानदार प्रदर्शन कर भारत, झारखंड और गुवा का नाम रोशन करेंगी। सम्मान ग्रहण करते हुए प्रियंका मिंज ने सहचरी ग्रुप की महिलाओं और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें नई ऊर्जा और आत्मविश्वास देता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह पूरी मेहनत और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी तथा अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और राज्य का गौरव बढ़ाने का हरसंभव प्रयास करेंगी।

Related Articles

Back to top button