मुहर्रम पर जिलेभर में अमन-चैन के साथ निकला ताजिया जुलूस, डीएम-एसपी ने किया सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण

किशनगंज, 26 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, मुहर्रम के अवसर पर शुक्रवार को जिलेभर में ताजिया जुलूस, मातमी जुलूस एवं पारंपरिक अखाड़ों का आयोजन पूरी श्रद्धा, अनुशासन और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। शहर सहित विभिन्न प्रखंडों में निकले ताजिया जुलूसों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। आकर्षक ताजियों के साथ अखाड़ों के खिलाड़ियों ने लाठी, तलवार एवं अन्य पारंपरिक युद्धक कलाओं के हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किए, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
मुहर्रम के मद्देनजर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर ताजिया जुलूसों की निगरानी की तथा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों-कर्मियों की ड्यूटी का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सतर्क एवं सक्रिय रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन की ओर से जिले के कुल 335 स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती गई। वहीं, आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए प्रमुख स्थानों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी लगातार निगरानी रखी गई, जिससे जुलूस के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर बनी रही।
शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरे ताजिया जुलूस निर्धारित मार्गों का पालन करते हुए शांतिपूर्वक अपने गंतव्य तक पहुंचे, जहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार ताजियों का पहलाम कराया गया। जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों ने शर्बत एवं पेयजल की व्यवस्था भी की।
पूरे आयोजन के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रशासन की प्रभावी तैयारी, सुरक्षा व्यवस्था और आमजन के सहयोग से मुहर्रम का पर्व जिलेभर में आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के वातावरण में संपन्न हुआ।
जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग करने के लिए जिलेवासियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा सभी संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस बल का आभार व्यक्त किया।



