District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : मंडल कारा में महिला बंदी ने लगाई फांसी, सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

किशनगंज, 10 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, किशनगंज मंडल कारा में बुधवार की अहले सुबह एक विचाराधीन महिला बंदी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। महिला बंदी ने कथित तौर पर जेल परिसर स्थित महिला शौचालय में दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। गंभीर अवस्था में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान कोचाधामन थाना क्षेत्र निवासी उषा रानी, पति अजय प्रसाद सिन्हा के रूप में हुई है। वह फरवरी 2026 से दहेज प्रताड़ना से जुड़े एक मामले में न्यायिक हिरासत के तहत किशनगंज मंडल कारा में बंद थी। उसके विरुद्ध कोचाधामन थाना कांड संख्या 367/25 के तहत दहेज अधिनियम से संबंधित मामला दर्ज था।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह महिला वार्ड में ड्यूटी पर तैनात एक कर्मी की नजर महिला शौचालय की ओर गई, जहां उषा रानी दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी हुई मिली। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। संबंधित कर्मी ने तत्काल जेल अधीक्षक को सूचना दी, जिसके बाद जेल अधीक्षक एवं जेल चिकित्सक मौके पर पहुंचे।

जेल प्रशासन की टीम ने तत्काल महिला बंदी को फंदे से नीचे उतारा और इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। बताया जाता है कि नीचे उतारे जाने के समय उसकी सांसें चल रही थीं, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की गई तथा महिला मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की गई।

मंडल कारा के अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला बंदी फरवरी माह से जेल में बंद थी। उन्होंने कहा कि कुछ समय से उसका मानसिक तनाव एवं अवसाद (डिप्रेशन) का इलाज चल रहा था। इसके लिए उसे पूर्व में सदर अस्पताल तथा एमजीएम मेडिकल कॉलेज में भी दिखाया गया था। उन्होंने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!