जिलाधिकारी ने की जिला हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स की बैठक।…
राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों से अतिक्रमण हटाने का निर्देश: डीएम सड़क किनारे नई दुकानों व ढाबों को अनुमति नहीं:डीएम

अररिया (अब्दुल कैय्यूम)।जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में जिला हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश के अनुपालन में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) एवं राज्य राजमार्ग (SH) पर सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने, दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करना रहा। बैठक में पुलिस अधीक्षक अररिया श्री जितेन्द्र कुमार भी उपस्थित थे।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों के किनारे किसी भी प्रकार की अनाधिकृत खान-पान की दुकान, ढाबा अथवा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित नहीं किया जाए। साथ ही भविष्य में सड़क किनारे इस प्रकार के प्रतिष्ठानों को किसी भी प्रकार की लाइसेंस अथवा अनुमति प्रदान नहीं की जाएगी।
सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्राधिकार में राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग एवं सर्विस रोड पर स्थित अतिक्रमणों को चिन्हित कर 10 जून तक पूर्णतः हटाना सुनिश्चित करें। विशेष रूप से दुर्घटना संभावित एवं अति संवेदनशील स्थलों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी।
बैठक में सड़कों पर अनावश्यक वाहन पार्किंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया गया। सड़क किनारे अथवा यातायात बाधित करने वाले वाहनों को पेट्रोलिंग टीम द्वारा तत्काल हटवाया जाएगा। निर्देशों की अवहेलना करने वाले वाहन मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पेट्रोल पंपों पर लगने वाली वाहनों की कतारों के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी स्थिति में वाहनों की लाइन मुख्य सड़क तक नहीं पहुंचनी चाहिए। पेट्रोल पंप संचालक अपने परिसर के भीतर ही वाहनों की कतार लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने हेतु गुड सेमेरिटन (राहवीर) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया गया। बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाने अथवा चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने वाले नागरिकों को सरकार की योजना के अंतर्गत सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाएगा।
सड़क सुरक्षा अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए सभी संवेदनशील एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक साइनेज, चेतावनी बोर्ड एवं अन्य सड़क सुरक्षा संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार द्वारा सड़कों पर रोड रिफ्लेक्टर को मानक अनुरूप एवं व्यवस्थित ढंग से स्थापित कराने का निर्देश दिया गया। धर्मकांटा संचालकों को निर्देश दिया गया कि उनकी क्षमता के अनुरूप ही वाहनों की पार्किंग की जाए तथा किसी भी परिस्थिति में सड़क पर वाहनों का जमावड़ा न होने पाए।
इसके अतिरिक्त सभी फ्लाईओवरों एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। बैठक में दुर्घटनाग्रस्त अथवा खराब होकर सड़क पर खड़े वाहनों को तत्काल हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी निर्देश दिया गया। इसके लिए क्रेन एवं रिकवरी वैन की उपलब्धता बनाए रखते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को यथाशीघ्र सड़क से हटाने का निर्देश संबंधित एजेंसियों को दिया गया ताकि यातायात बाधित न हो तथा द्वितीयक दुर्घटनाओं की संभावना को रोका जा सके।बैठक में सभी संबंधित विभागों, कार्यान्वयन एजेंसियों एवं आम नागरिकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में सिविल सर्जन अररिया, जिला परिवहन पदाधिकारी अररिया, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया, मंडल पुलिस पदाधिकारी अररिया, सहित सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी कार्यपालक अभियंता, कार्यान्वयन एजेंसियों प्रतिनिधि उपस्थित थे।
फ़ोटो
