अपराधउत्तर प्रदेशकिशनगंजघटना/दुर्घटनाताजा खबरपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़राज्य

किशनगंज : मौलाना तौसीफ रजा की संदिग्ध मौत पर सियासत तेज, सांसद समेत कई नेताओं ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

किशनगंज,01मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, ठाकुरगंज प्रखंड के भोगडावर पंचायत निवासी मौलाना मो. तौसीफ रजा की उत्तर प्रदेश के बरेली में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। रेलवे ट्रैक के किनारे शव मिलने के बाद इस घटना को लेकर राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है। किशनगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद सहित कई नेताओं ने मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की है।

सांसद डॉ. जावेद ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर घटना में हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि मौलाना तौसीफ रजा सिवान में इमामत का कार्य करते थे और उर्स-ए-ताजुश्शरिया में शामिल होने के लिए बरेली गए थे। 26 अप्रैल 2026 को वे ट्रेन संख्या 04314 (ऋषिकेश एक्सप्रेस) से बरेली से सिवान लौट रहे थे। आरोप है कि यात्रा के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने उनके साथ लूटपाट का प्रयास किया और बेरहमी से मारपीट की।

पत्र के अनुसार, घटना के दौरान मौलाना ने अपनी पत्नी को फोन कर जानकारी दी थी, जिसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। बाद में उनका शव बरेली कैंट स्टेशन के पास से बरामद हुआ। स्थानीय सुरक्षा बल इस मामले को दुर्घटना बता रहा है, जबकि परिजन और सोशल मीडिया पर इसे पीट-पीटकर हत्या का मामला बताया जा रहा है।

सांसद ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा तथा मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मृतक का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है, ऐसे में उन्हें समुचित सहायता मिलनी चाहिए।वहीं, एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ट्वीट कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आदिल हसन ने इस घटना को हादसा नहीं बल्कि हत्या बताते हुए कहा कि मृतक ने घटना से एक दिन पहले अपनी पत्नी को मारपीट की जानकारी दी थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।गौरतलब है कि 27 अप्रैल को मौलाना तौसीफ रजा का शव बरेली में रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध अवस्था में मिला था। पोस्टमार्टम के बाद शव जब उनके पैतृक गांव लाया गया तो परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने आशंका जताई है कि अपराधियों ने उन्हें ट्रेन से गिराकर हत्या की है।

फिलहाल इस मामले को लेकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग लगातार उठ रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!