खराब मौसम के कारण राज्यपाल का किशनगंज दौरा रद्द
किशनगंज,26अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के चलते 27 अप्रैल को प्रस्तावित राज्यपाल का किशनगंज दौरा रद्द कर दिया गया है। जिला प्रशासन को प्राप्त आधिकारिक सूचना के अनुसार खराब मौसम, तेज हवाओं और कम दृश्यता के कारण उड़ान संचालन में संभावित बाधा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया।
गौर करे कि राज्यपाल का एक दिवसीय दौरा पूर्व निर्धारित था, जिसके तहत उन्हें जिले में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सिविल सोसाइटी के सदस्यों के साथ बैठक करनी थी। साथ ही भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा भी प्रस्तावित थी।
दौरे को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गई थीं। हालांकि अचानक मौसम में बदलाव के कारण कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा।
जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि फिलहाल राज्यपाल का दौरा रद्द कर दिया गया है। नई तिथि निर्धारित होने पर पुनः कार्यक्रम की सूचना जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों को भी आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं।



