गुवा में रोजेदारों के लिए मस्जिद में कराया गया इफ्तार, गुमनाम दानदाता ने की व्यवस्था

सत्येन्द्र पाण्डेय/ पटना ( बिहार )गुवा क्षेत्र में रमजान के पवित्र महीने के दौरान रोजेदारों के लिए गुवा के मस्जिद में mamaविशेष रूप से इफ्तार का आयोजन किया गया। इस इफ्तार कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि इफ्तार की पूरी व्यवस्था कराने वाले व्यक्ति ने अपना नाम गुप्त रखने की इच्छा जताई। स्थानीय लोगों के अनुसार गुवा में इस तरह का आयोजन पहली बार देखने को मिला है, जब किसी ने बिना नाम बताए रोजेदारों के लिए इतने अच्छे तरीके से इफ्तार की व्यवस्था कराई। मस्जिद में रोजा खोलने के लिए आए सभी रोजेदारों के लिए खजूर, फल, शरबत, पकौड़े सहित कई प्रकार के व्यंजनों की अच्छी व्यवस्था की गई थी। रोजेदारों ने समय पर नमाज अदा करने के बाद एक साथ बैठकर इफ्तार किया। इस दौरान मस्जिद का माहौल काफी भाईचारे और आपसी प्रेम से भरा हुआ दिखाई दिया। लोगों ने बताया कि इफ्तार के लिए बैठने, पानी और खाने-पीने की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे किसी भी रोजेदार को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। रोजेदारों ने इस नेक पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से समाज में एकता और भाईचारा मजबूत होता है।हालांकि इफ्तार कराने वाले व्यक्ति ने अपना नाम सार्वजनिक नहीं किया, लेकिन उनकी इस पहल की हर कोई प्रशंसा कर रहा है। लोगों का कहना है कि ऐसे नेक कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक होते हैं और इससे जरूरतमंद लोगों को भी मदद मिलती है।मस्जिद में उपस्थित लोगों ने इफ्तार के बाद देश और समाज की खुशहाली के लिए दुआ भी की। वहीं स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी इस तरह के सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम होते रहेंगे, जिससे समाज में आपसी सहयोग और सद्भावना बनी रहेगी।


