पूर्वी सिंहभूम में होमगार्ड भर्ती में देरी का मुद्दा विधानसभा में गूंजा, विधायक पूर्णिमा साहू ने उठाया सवाल

जमशेदपुर: आज जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने पूर्वी सिंहभूम जिले में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी का मुद्दा झारखंड विधानसभा में उठाया। शून्यकाल के दौरान उन्होंने सरकार से जल्द कार्रवाई करते हुए भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की मांग की। विधायक ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिले में होमगार्ड भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया काफी पहले पूरी हो चुकी है, लेकिन अब तक अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) आयोजित नहीं की गई है। इस कारण हजारों अभ्यर्थियों को मानसिक तनाव, आर्थिक दबाव और आयु सीमा से जुड़ी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सदन को बताया कि राज्य के कई अन्य जिलों में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक परीक्षा की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि पूर्वी सिंहभूम जिले में यह प्रक्रिया अभी तक लंबित है। इससे अभ्यर्थियों के बीच निराशा और असंतोष का माहौल बन रहा है। विधायक पूर्णिमा साहू ने यह भी कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिले में होमगार्ड भर्ती के लिए आवेदन सबसे पहले शुरू हुआ था, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण रूप से इसी जिले में भर्ती प्रक्रिया सबसे अधिक विलंबित हो गई है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के माध्यम से सरकार से मांग की कि अभ्यर्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिले में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) जल्द से जल्द आयोजित कराई जाए, ताकि लंबे समय से इंतजार कर रहे युवाओं को राहत मिल सके।


