ठाकुरगंज : गलगलिया चेक पोस्ट पर किशनगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹1.23 करोड़ मूल्य का 246 किलो गांजा बरामद, ट्रक जब्त; दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

किशनगंज,26फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के गलगलिया चेक पोस्ट पर किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 246 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹1 करोड़ 23 लाख आंकी गई है। इस दौरान ट्रक को जब्त करते हुए चालक एवं सह-चालक समेत दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि असम नंबर का एक ट्रक असम से अवैध मादक पदार्थ लेकर गलगलिया के रास्ते बिहार में प्रवेश कर अररिया की ओर जाने वाला है। सूचना के सत्यापन हेतु उनके निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 ठाकुरगंज मंगलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में गलगलिया थाना पुलिस, मधनिषेध टीम एवं दंडाधिकारी की संयुक्त टीम गठित कर चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान बंगाल की ओर से आ रहे एक असम नंबर ट्रक (AS01FC2576) को रोका गया। ट्रक के ऊपर सीमेंट लदा हुआ था। चालक से पूछताछ के दौरान संदेह होने पर प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ट्रक की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में सीमेंट के नीचे ट्रक में विशेष रूप से बनाए गए तहखाने से छिपाकर रखे गए 39 पैकेट गांजा बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 246 किलोग्राम पाया गया।
पुलिस ने मौके से चालक मो. इम्तियाज जमील (ग्राम पिपरौलिया, थाना डांझारपुर, जिला मधुबनी) तथा सह-चालक विजय कुमार ठाकुर (ग्राम रामनगर, थाना फुलपरास, जिला मधुबनी) को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में गलगलिया थाना कांड संख्या 17/26, दिनांक 26.02.26 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20(b)(ii)(c)/25/29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ट्रक मालिक सहित तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज की जांच में जुटी है।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मंगलेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष राकेश कुमार, पु.अ.नि. वेद प्रकाश, स.अ.नि. छबिला हाजरा सहित गलगलिया थाना पुलिस, मधनिषेध टीम एवं डीआईयू टीम के सदस्य शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जिले में लगातार अभियान जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



