मुख्यमंत्री ने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की

मुख्यमंत्री ने कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए *38वीं पुण्यतिथि पर याद किए गए भारतरत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना। भारत रत्न जननायक स्व० कर्पूरी ठाकुर जी की 38वीं पुण्यतिथि के अवसर पर देशरत्न मार्ग स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में बिहार के उप मुख्यमंत्री श्री विजय सिन्हा, कला एवं संस्कृति मंत्री श्री अरुण शंकर प्रसाद, कृषि मंत्री श्री राम कृपाल यादव, ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री श्री श्रवण कुमार, ग्रामीण कार्य मंत्री श्री अशोक चौधरी, विधायक श्री श्याम रजक, विधान पार्षद श्रीमती कुमुद वर्मा, पूर्व विधायक श्री अनिल कुमार, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव श्री मनीष कुमार वर्मा, बिहार राज्य नागरिक परिषद् के महासिचव श्री अरविंद कुमार, बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य श्री शिवशंकर निषाद सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी जननायक को याद करते हुए उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम की शुरुआत सर्वधर्म प्रार्थना से हुई, जिसमें हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई धर्मगुरुओं ने सामूहिक रूप से शांति एवं सद्भाव का संदेश दिया। वैदिक शांति मंत्र से प्रार्थना का शुभारंभ किया गया
“हे प्रभु! आकाश, अंतरिक्ष, पृथ्वी, जल, औषधि, वनस्पति और समस्त विश्व में शांति हो; सब कुछ शांत हो और वह शांति हमें प्राप्त हो।”
इसके बाद मुस्लिम, सिख एवं ईसाई धर्मगुरुओं ने भी प्रार्थनाएं प्रस्तुत कर वातावरण को आध्यात्मिक एवं भावपूर्ण बना दिया।
सर्वधर्म प्रार्थना के उपरांत गायक सत्येन्द्र कुमार संगीत ने निर्गुण भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। इसके बाद सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा उजाला सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थान, पटना के कलाकारों द्वारा जननायक के जीवन पर आधारित स्वलिखित गीतों की प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर जननायक के सुपुत्र डॉ. वी. के. ठाकुर एवं पौत्र विकास ठाकुर सहित परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
उक्त अवसर पर विभाग के सचिव श्री प्रणव कुमार, संस्कृति कार्य निदेशालय की निदेशक श्रीमती रूबी, संग्रहालय निदेशालय के निदेशक श्री कृष्ण कुमार, संयुक्त सचिव श्री महमूद आलम, आंतरिक वित्तीय सलाहकार श्री राणा सुजीत कुमार टुनटुन, जन-नायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय के उप-निदेशक श्री विमल तिवारी, क्षेत्रीय उपनिदेशक, संग्रहालय श्री विनय कुमार, विभाग की उप सचिव सुश्री कहकशां सहित विभागीय अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में जननायक के विचारों को मानने वाले नागरिक उपस्थित रहे।
जननायक कर्पूरी ठाकुर का संक्षिप्त जीवन परिचय
भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, स्वतंत्रता सेनानी एवं समाजवादी विचारधारा के प्रखर नेता थे। वे सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्षरत रहे। अत्यंत साधारण पृष्ठभूमि से आने के बावजूद उन्होंने अपने सिद्धांतों और सादगीपूर्ण जीवनशैली से जन-जन का विश्वास अर्जित किया। पिछड़े वर्गों के उत्थान एवं आरक्षण नीति को प्रभावी रूप से लागू करने में उनकी ऐतिहासिक भूमिका रही। जननायक का संपूर्ण जीवन समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा और सामाजिक समरसता की स्थापना को समर्पित रहा।



