ब्रेकिंग न्यूज़राज्य

*बिहार लोकल बॉडीज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा

31 अगस्त से स्थानीय निकायों के सभी कर्मी हड़ताल पर जाएंगे*

अखिलेश पांडेय सिवान पटना, 11 अगस्त – बिहार लोकल बॉडीज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में भारत सेवक समाज के सभागार में एक दिवसीय राज्य प्रतिनिधि सम्मेलन संपन्न हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता मोर्चा के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह ने की।

इस अवसर पर सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉक्टर मदन मोहन झा ने कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है कि सरकार स्थानीय निकाय के कर्मियों की जायज मांगों को भी स्वीकार नहीं कर रही है। सफाई मजदूर जो स्वच्छता दूत हैं, उनका पद ही नगर निकायों से समाप्त कर दिया गया है। इससे बड़ा दलितों, वंचितों और मेहनतकश मजदूरों के साथ घोर अन्याय कुछ और नहीं हो सकता है। कांग्रेस पार्टी नगर निकाय के मजदूरों के संघर्ष एवं उनकी मांगों के साथ है।
इस अवसर पर विधान पार्षद डॉ समीर कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार मजदूर विरोधी है। नगर निकायों की स्वायतता को खत्म करना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर प्रहार है।

इस अवसर पर कम्युनिस्ट पार्टी के सूर्यकांत पासवान, विधायक ने कहा कि 31 अगस्त से स्थानीय निकायों के कर्मचारियों का प्रस्तावित हड़ताल का उनकी पार्टी समर्थन करती है। सफाई मजदूरों की मांग को लेकर पार्टी सदन से लेकर सड़क तक लड़ने को तैयार है।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए मोर्चा के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह ने कहा कि बिहार के स्थानीय निकायों के कर्मियों की 12 सूत्री मांगों को सरकार को प्रेषित किया जा चुका है। यदि निर्धारित अवधि तक मांगों को पूरा नहीं किया जाता है, तो 31 अगस्त से राज्य के सभी स्थानीय निकायों के कर्मचारी हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे।

प्रतिनिधि सम्मेलन में 12 सूत्री मांगों एवं 31 अगस्त से प्रस्तावित हड़ताल के निर्णय की संपुष्टि की गई। मुख्य मांगे दैनिक मजदूरों का नियमितीकरण और जब तक नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती है, तब तक समान काम समान वेतन अथवा सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के आलोक में इन्हें ₹18000 एवं ₹21000 प्रतिमाह वेतन के रूप में भुगतान किया जाए।

स्थाई कर्मियों का पूरे बिहार में एक समान वेतनमान, सेवा शर्तें एवं पेंशन आदि निर्धारित किया जाए।

पटना में हुए जलजमाव को लेकर सरकार द्वारा गठित उच्च स्तरीय जांच समिति की रिपोर्ट के आलोक में नगर निकायों में आउटसोर्स पर नियुक्ति बंद हो एवं इन्हें निगम कर्मी माना जाए।

अनुकंपा पर नियुक्ति शीघ्र प्रारंभ हो एवं सेवानिवृत्त कर्मियों को उनके पूर्व के सभी मकानों का अविलंब भुगतान किया जाए।

इस अवसर पर मोर्चा के नेता अमृत प्रसाद, शिव बचन शर्मा अशोक कुमार सिंह, मंगल पासवान, नीरज वर्मा, रेखा कुमारी, ब्रह्मदेव महतो, रविंदर सिंह, अब्दुल सत्तार, सतेंद्र प्रसाद सिंह के अतिरिक्त केंद्रीय श्रमिक संगठनों के गणेश शंकर सिंह, गजनफर नवाब, श्रीनंदन मंडल बिंदेश्वरी सिंह, राधेश्याम एवं आर एन राय एवं अखिलेश पांडे ने भी संबोधित किया।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!