किशनगंज : राखी के धागे में बंधा देशभक्ति का रिश्ता, SSB जवानों संग वीर शिवाजी सेना की बहनों ने मनाया रक्षाबंधन

किशनगंज, 28 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, रक्षाबंधन के पावन अवसर पर किशनगंज के फरिंगोला स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 12वीं वाहिनी परिसर में शुक्रवार को भाई-बहन के प्रेम के साथ देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की अनूठी मिसाल देखने को मिली। वीर शिवाजी सेना की बहनों ने एसएसबी के जवानों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
कार्यक्रम के दौरान बहनों ने जवानों के माथे पर तिलक लगाया और उनकी कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखद, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। राखी बंधवाने के बाद एसएसबी जवानों ने भी बहनों को उनकी रक्षा और हर परिस्थिति में साथ देने का संकल्प लिया। इस दौरान भाई-बहन के आत्मीय रिश्ते की भावुक तस्वीर देखने को मिली।
जवानों की कलाई न रहे सूनी
वीर शिवाजी सेना की बहनों ने कहा कि एसएसबी के जवान देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए अक्सर अपने परिवार से दूर रहते हैं। रक्षाबंधन जैसे पर्व पर भी कई जवान अपनी बहनों और परिजनों के बीच नहीं पहुंच पाते। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए संगठन की बहनें प्रत्येक वर्ष एसएसबी जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाती हैं, ताकि ड्यूटी पर तैनात जवानों की कलाई इस पर्व पर सूनी न रहे।
उन्होंने कहा कि जवानों के प्रति सम्मान और अपनापन व्यक्त करना समाज का दायित्व है। राखी बांधकर बहनों ने जवानों के प्रति अपनी कृतज्ञता भी व्यक्त की।
यह आयोजन महज राखी बांधने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि देश की सुरक्षा में समर्पित जवानों और समाज के बीच विश्वास, सम्मान, भाईचारे और आत्मीयता का प्रतीक बन गया। एसएसबी परिसर में रक्षाबंधन के दौरान राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की भावना भी नजर आई।
मौके पर वीर शिवाजी सेना के अध्यक्ष सुमित साहा सहित संगठन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।



