किशनगंज : सरकारी दफ्तरों में अब नहीं चलेगी अफसरों की गैरहाजिरी, डीएम ने तय किए दो दिन
सात निश्चय-3 के ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ के तहत आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर

किशनगंज, 28 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ को प्रभावी बनाने को लेकर जिलाधिकारी नवीन कुमार ने शुक्रवार को आमजनों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आम लोगों की शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन को लेकर कई आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को सभी पदाधिकारी अनिवार्य रूप से अपने-अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर आमजनों की समस्याएं सुनेंगे। इसका उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों में अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी से बचाना और शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना है।
उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक कार्यालय में आगंतुक पंजी का विधिवत संधारण करने तथा प्राप्त शिकायतों की प्रविष्टि कर उनके समयबद्ध निष्पादन को सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने प्रखंड, पंचायत एवं जिला स्तर पर प्रतिदिन कार्यालय पहुंचने वाले आगंतुकों की संख्या की रिपोर्टिंग अनिवार्य करने का निर्देश दिया। किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर संबंधित पदाधिकारी को तत्काल वरीय अधिकारी को सूचित करना होगा।
उन्होंने कहा कि किसी पदाधिकारी के अनुपस्थित रहने की स्थिति में अधिकृत पदाधिकारी आमजनों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे। एक से अधिक कार्यालयों का प्रभार संभालने वाले अधिकारी सोमवार एवं शुक्रवार को सुविधानुसार समय निर्धारित कर सभी कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे।
डीएम ने निर्देशों की अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए कहा कि अधिकृत पदाधिकारी की अनुपस्थिति अथवा आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।



