किशनगंज : अपराध नियंत्रण को लेकर आईजी सख्त, गश्ती बढ़ाने और वारंटियों की धरपकड़ के निर्देश
आगामी त्योहारों को लेकर विधि-व्यवस्था की समीक्षा, सूचना तंत्र मजबूत करने पर जोर

किशनगंज, 27 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पूर्णिया प्रक्षेत्र के आईजी विवेकानंद ने रविवार शाम पुलिस सभागार में जिले की विधि-व्यवस्था एवं पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सहित जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारी, सभी अंचलों के पुलिस निरीक्षक और थानाध्यक्ष मौजूद रहे। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन, गश्ती व्यवस्था, वारंटियों की गिरफ्तारी और आगामी त्योहारों के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान आईजी ने जिले में वर्तमान कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली और अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की ओर से किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस का सूचना तंत्र और अधिक मजबूत किया जाए। संदिग्ध गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखने के साथ समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
आईजी विवेकानंद ने लंबे समय से लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान कर शीघ्र निष्पादन किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। आगामी त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी और पर्याप्त पुलिस गश्ती सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नियमित गश्ती बढ़ाने, वारंटियों एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तेज करने तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। आईजी ने पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को भी महत्वपूर्ण बताया।
बैठक में एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह, ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार सिंह सहित जिले के सभी अंचलों के पुलिस निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष उपस्थित थे।



