पूर्वजों से मिली विरासत को हमें रखना होगा संरक्षित और अक्षुण्ण…
- करमा पर्व पर मुख्यमंत्री ने की राज्य के सर्वांगीण विकास, सुख समृद्धि और शांति की कामना - पर्यावरण में प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है, यह मानव जीवन के खतरनाक चुनौती है
रांची : करमा पर्व को लेकर पूरे शहर में उत्सवी माहौल देखने को मिला। रांची वीमेंस कॉलेज (science block) स्थित आदिवासी छात्रावास परिसर में आयोजित करमा पूजा महोत्सव में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) शामिल हुए। उन्होंने अखरा में करम डाल की पारंपरिक विधि विधान से पूजा अर्चना कर राज्य के सर्वांगीण विकास, सुख समृद्धि और शांति की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वजों से मिली विरासत को संरक्षित और अक्षुण्ण रखने के साथ और आगे ले जाना है। राज्यवासियों को करमा पर्व की शुभकामनाएं देते कहा कि प्राकृतिक संसाधनों को बचाते हुए विकास के रास्ते पर आगे बढ़ें। अपने परिवार, समाज, राज्य और देश को मजबूत करने का संकल्प लें। मुख्यमंत्री ने कहा पर्व त्योहारों से हमारी आस्था, परंपरा और सभ्यता संस्कृति जुड़ी होती है। इससे जीवन में प्रेम, खुशी, उमंग, उल्लास और उत्साह आता है। ऐसे में पर्व त्योहारों के जश्न से कोई कैसे अलग रह सकता है। मुख्यमंत्री रांची वीमेंस कालेज (साइंस ब्लाक) स्थित आदिवासी छात्रावास परिसर में आयोजित करमा पूजा महोत्सव में शामिल होकर लोगों संग खुशियां बांट रहे थे। प्रकृति से हो रहा छेड़छाड़ चिंता का विषय मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के भौतिकवादी युग में विकास के नाम पर प्रकृति के साथ निरंतर छेड़छाड़ हो रहा है। जंगल काटे जा रहे हैं, नदी नालों और पहाड़ों का अतिक्रमण हो रहा है। शहरों में हरियाली गायब हो रही हैं। कहीं बाढ़ आ रही है तो कहीं सूखा पड़ रहा है। पर्यावरण में प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है। यह मानव जीवन के खतरनाक चुनौती है। अगर हम सचेत नहीं हुए तो हमारे साथ आने वाली पीढ़ी को भी इसके परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर इस धरती को बचाना है तो प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना होगा। हमें प्रकृति से संबंध बनाते हुए विकास के रास्ते पर आगे बढ़ना है। हम करम पर्व के अवसर पर प्रकृति को सुरक्षित करने का संकल्प लें।
सभी छात्रावासों का हो रहा जीर्णोद्धार :
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने कल्याण विभाग के सभी छात्रावासों (Hostel) का जीर्णोद्धार करने का निर्णय लिया है। इस कड़ी में तेजी से छात्रावासों का जीर्णोद्धार हो रहा है। इन छात्रावासों में सिक्योरिटी गार्ड, रसोईया और अनाज की व्यवस्था भी सरकार करेगी। यहां रहने वाले बच्चों को अब सिर्फ पढ़ाई की चिंता करनी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लें। कहा कि यहां छात्रों और छात्राओं के लिए अलग-अलग मल्टी स्टोरेज छात्रावास बनाए जाएंगे। अपने परिवार समाज राज्य और देश को मजबूत करने का संकल्प लें। कहा कि आपको आगे बढ़ने का मार्ग सरकार प्रशस्त कर रही है लेकिन चलना आपको होगा। आप सही दिशा में आगे बढ़े, इसके लिए सरकार आपको हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने करमा पूजा के इस अवसर पर विद्यार्थियों से अपने परिवार, समाज राज्य और देश को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।