जिलाधिकारी, पटना डॉ. चन्द्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में हिन्दी दिवस समारोह का आयोजन किया गया।

त्रिलोकी नाथ प्रसाद:- इस अवसर पर आयोजित सेमिनार में अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा हिन्दी के महत्व पर अपना-अपना विचार प्रकट किया गया।
डीएम डॉ. सिंह द्वारा हिन्दी दिवस के अवसर पर सभी को शुभकामनाएँ दी गई। उन्होंने राजभाषा हिन्दी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिन्दी दुनियाभर में सर्वाधिक बोली जाने वाली भाषाओं में तृतीय स्थान पर है। अंग्रेजी एवं मंडारिन(चीन) भाषा के बाद हिन्दी का ही स्थान है। राजभाषा हिन्दी सम्पूर्ण भारतवर्ष में बोली जाती है या कम-से-कम समझी जाती है। हमारे सरकारी कार्यालयों में हिन्दी भाषा का ही प्रयोग किया जाता है। समाहरणालय में भी सारा काम हिन्दी भाषा में ही किया जाता है। हम सभी व्यक्तियों को अपनी भाषा, संस्कृति एवं रीति-रिवाज का गर्व के साथ उपयोग करना चाहिए। डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि विकास के वर्तमान युग में भाषा को रोजगार के अवसर से जोड़ना काफी महत्वपूर्ण है। हमें सभी भाषा को साथ लेकर आगे बढ़ना है।
डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि हिन्दी भाषा के संरक्षण एवं संवर्द्धन के प्रति हम सभी को प्रतिबद्ध रहना होगा।
इस अवसर पर सहायक समाहर्ता सुश्री शैलजा पाण्डेय, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था, अपर समाहर्ता विशेष कार्यक्रम, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, अपर जिला दंडाधिकारी सामान्य एवं अन्य भी उपस्थित थे।
डीपीआरओ, पटना