District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : स्कूल वाहनों पर परिवहन विभाग की सख्ती, 46 वाहनों पर कार्रवाई

अगस्त में 66 स्कूल वाहनों की जांच, 14.72 लाख रुपये से अधिक का शमन अधिरोपित

किशनगंज, 03 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराने को लेकर जिला परिवहन कार्यालय ने अगस्त माह में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। जिले के विभिन्न विद्यालयों में संचालित स्कूल वाहनों की जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

जिला परिवहन पदाधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार, अगस्त माह में कुल 66 स्कूल वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर 46 वाहनों पर शमन अधिरोपित किया गया। इन वाहनों के विरुद्ध कुल 14 लाख 72 हजार 331 रुपये की राशि का शमन अधिरोपित किया गया है।

परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से स्कूल वाहन संचालकों में हड़कंप मचा रहा। जांच के दौरान वाहनों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज, निर्धारित सुरक्षा मानकों और नियमों के अनुपालन की स्थिति की जांच की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

जिला परिवहन कार्यालय के प्रवर्तन तंत्र द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, स्कूल वाहनों की नियमित जांच का उद्देश्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों पर कार्रवाई करने के साथ-साथ विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों को सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करना भी है।

जिला प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन एवं स्कूल वाहन संचालकों से अपील की है कि वाहनों से संबंधित सभी निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। प्रशासन ने कहा कि बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना सभी संबंधित पक्षों की जिम्मेदारी है।

परिवहन विभाग ने संकेत दिया है कि सड़क सुरक्षा और स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर विशेष वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button