अररिया : RBSK के तहत हृदय रोग से पीड़ित तीन बच्चे निःशुल्क इलाज के लिए अहमदाबाद रवाना
RBSK के तहत बिहार सरकार कराएगी उपचार व ऑपरेशन, पटना तक एंबुलेंस और आगे हवाई यात्रा की सुविधा

अररिया, 21 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/अब्दुल कैय्युम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत हृदय रोग से पीड़ित अररिया जिले के तीन बच्चों को निःशुल्क उपचार एवं आवश्यक शल्य चिकित्सा के लिए सोमवार को अहमदाबाद रवाना किया गया। जिला पदाधिकारी विनोद दूहन ने बच्चों को अहमदाबाद स्थित श्री सत्य साईं अस्पताल के लिए रवाना किया। इनमें दो बच्चे नरपतगंज प्रखंड और एक बच्चा रानीगंज प्रखंड का है।
बच्चों के उपचार और ऑपरेशन का पूरा खर्च बिहार सरकार के सहयोग से राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत वहन किया जाएगा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से आवश्यक व्यवस्था की गई है।
बच्चों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए अररिया से पटना तक निःशुल्क एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। इसके बाद पटना से अहमदाबाद तक बच्चों को निःशुल्क हवाई यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अहमदाबाद में उपचार के दौरान बच्चों और उनके परिजनों के रहने तथा भोजन की व्यवस्था भी निःशुल्क होगी। इसके अलावा आवश्यक जांच, चिकित्सकीय उपचार और ऑपरेशन से संबंधित खर्च भी योजना के तहत सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
इस मौके पर जिलाधिकारी विनोद दूहन ने कहा कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में जन्मजात और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना है। आर्थिक कठिनाई के कारण किसी बच्चे का इलाज प्रभावित नहीं हो, इसके लिए प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से बच्चों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उपचार और ऑपरेशन के दौरान भी आवश्यक सहयोग एवं समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।



