माहौल बिगाड़ने की हो रही है कोशिश।..
कुणाल कुमार/पटना। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने कहा कि हिंदुओ का महत्वपूर्ण पर्व होली आ रहा है और मुसलमानों का पवित्र रमजान का महीना चल रहा है। लेकिन भाजपा के लोग बिहार में माहौल बिगाड़ने में लगे हुए हैं और भाजपा विधायक मुसलमानों को होली के दिन घर से नहीं निकलने की धमकी दे रहे हैं। यह काफी चिंताजनक है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मामले को गंभीरता से लंे और माहौल बिगाड़ने वाले के खिलाफ सख्ती से पेश आयें तथा असामाजिक तत्व पर सख्त कार्रवाई करें।
भाकपा राज्य सचिव ने कहा कि भाजपा और आर एसएस के लोग हमेशा से सौहार्द को बिगाड़ते आए हैं। आज भी बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। लोग इसके बहकावे में नहीं आएंगे। सभी मिल-जुलकर त्योहार मनाएंगे। इनका काम ही लड़वाना है। इस साल अक्टूबर-नवम्बर में बिहार विधानसभा का चुनाव होना है। इसलिए बिहार में आरएसएस भी सक्रिय हो गया है। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भी बिहार दौरे पर हैं ताकि बिहार का माहौल बिगाड़ा जा सके।
भाकपा राज्य सचिव ने कहा कि जिनकी जिस त्योहार में आस्था है उनको वैसे मनाना चाहिए। सब मिल जुलकर त्योहार मनाएंगे अपनी इच्छा के अनुसार लोग धर्म और त्योहार को चुनते हैं। लेकिन जब से केंद्र में भाजपा की सरकार आई है तब से अल्पसंख्यकों के ऊपर हमले बढ़े हैं और पर्व त्योहार पर राजनीति होने लगी है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी राज्य सरकार से होली के मौके पर सौहार्द का माहौल बनाये रखने और हुड़दंग करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग करती है। साथ ही आम लोगों से सौहार्द पूर्ण वातावरण में रंगों का त्यौहार होली मनाने की अपील की है।