District Adminstrationबिहारब्रेकिंग न्यूज़

अररिया : सहयोग शिविर में विद्यार्थियों की समस्याओं का लिया जायजा

अररिया, 25 अगस्त (के.स.)। अब्दुल कैय्युम। सात निश्चय-3 के तहत संचालित ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम के उद्देश्य से विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं अन्य समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर मंगलवार को पलासी प्रखंड के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सहित तीन विद्यालयों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों की पढ़ाई, विद्यालय संचालन, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय तथा छात्रावास में मिलने वाली सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली गई।

कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में आयोजित शिविर में जिला परिषद के अपर कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार झा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार एवं थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार मौजूद रहे। अधिकारियों ने कक्षा छह, सात एवं आठ के छात्राओं से विद्यालय में होने वाली विभिन्न समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान शिक्षकों की उपस्थिति, कक्षाओं का संचालन, परीक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, छात्राओं को मिलने वाली सामग्री, पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई।

अधिकारियों ने छात्राओं को सहयोग शिविर एवं सहयोग पोर्टल की जानकारी देते हुए अपनी समस्याओं को बेझिझक सामने रखने तथा पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे निर्भीक होकर विद्यालय में पठन-पाठन करें। किसी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल संबंधित पदाधिकारी को इसकी जानकारी दें।

एसडीपीओ सुशील कुमार ने छात्राओं को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के संबंध में जागरूक करते हुए इसकी सूचना तत्काल पुलिस को देने की बात कही। उन्होंने आपात स्थिति में 112 नंबर पर सूचना देने की जानकारी भी दी। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने छात्राओं को थाना निरीक्षण कराने की जानकारी देते हुए पुलिस से जुड़ी किसी भी समस्या में 112 पर संपर्क करने की अपील की।

शिविर के दौरान छात्राओं ने अधिकारियों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब दिए और विद्यालय से संबंधित अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से उन्हें अवगत कराया। अधिकारियों ने समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर एचएम संजय कुमार, वार्डन गुड्डी कुमारी, गुंजन कुमारी, सूरज कुमार सहित विद्यालय के अन्य कर्मी मौजूद थे।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button