कांवर महाआरती में गूंजा शंखनाद ,भक्तिमय हुआ हाई स्कूल मैदान
216 फीट के कांवर के पहुंचने पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, एसडीएम समेत पुलिस पदाधिकारियों ने लिया आरती में भाग.

सहरसा :/अजय कुमार.-जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के कांठो-बलवाहाट में 30 वें श्रावणी मटेश्वर महोत्सव को लेकर निकली 216 फीट की विशाल कांवर पदयात्रा के सिमरी बख्तियारपुर पहुंचने के बाद शनिवार शाम उच्च विद्यालय परिसर में भव्य कांवर महाआरती का आयोजन किया गया। बनारस से आये पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई महाआरती में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। महाआरती के दौरान गगनभेदी शंखनाद और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा। महाआरती को लेकर उच्च विद्यालय परिसर में विशेष तैयारी की गई थी। कांवर के दर्शन और आरती में शामिल होने के लिए श्रद्धालु काफी देर पहले से ही परिसर में पहुंचने लगे थे। जैसे ही पंडितों ने विधिवत पूजा-अर्चना शुरू की, श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान पूरा परिसर भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया।
”एसडीएम समेत पुलिस पदाधिकारियों ने लिया भाग”
कांवरियों की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सिमरी बख्तियारपुर के एसडीएम आलोक राय, सर्किल इंस्पेक्टर निवास कुमार,थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। पदाधिकारियों ने महाआरती में भी भाग लिये। अधिकारियों की मौजूदगी में श्रद्धालुओं और कांवरियों के बीच उत्साह का माहौल बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की तैनाती के साथ भीड़ को नियंत्रित करने पर विशेष ध्यान दिया गया।



