सुप्रीम कोर्ट के फैसले से डॉ. मनमोहन सिंह की ईमानदारी पर लगी मुहर, भाजपा माफी मांगे: राकेश सिन्हा
रांची, 30 जुलाई। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा है कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को राहत दिए जाने का फैसला भाजपा की “झूठ की राजनीति” और “दुष्प्रचार” पर करारा जवाब है। उन्होंने दावा किया कि इस फैसले ने वर्षों से लगाए जा रहे आरोपों को खारिज कर दिया है।
राकेश सिन्हा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने राजनीतिक लाभ के लिए डॉ. मनमोहन सिंह की छवि को बदनाम करने का सुनियोजित अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि संसद, चुनावी सभाओं और सार्वजनिक मंचों पर लगाए गए आरोपों की अब सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद कोई विश्वसनीयता नहीं रह गई है।
उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने अपने सार्वजनिक जीवन में कभी सत्ता का दुरुपयोग नहीं किया और उनकी ईमानदारी, सादगी तथा आर्थिक दूरदर्शिता की सराहना देश-दुनिया में होती रही है। कांग्रेस नेता ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से डॉ. मनमोहन सिंह के परिवार और देश की जनता से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की।
राकेश सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति सत्य, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित है, जबकि भाजपा की राजनीति झूठ, भ्रम और राजनीतिक द्वेष पर टिकी है। उन्होंने कहा कि यह फैसला लोकतंत्र, न्यायपालिका और सत्य की जीत है।
कांग्रेस ने इस फैसले का स्वागत करते हुए भाजपा से महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और युवाओं के भविष्य जैसे वास्तविक मुद्दों पर जवाब देने की मांग की।


