किशनगंजज्योतिष/धर्मबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : महाकाल महोत्सव में बिहार, बंगाल और नेपाल से पहुंचे श्रद्धालु, विशेष पूजा-अर्चना संपन्न

किशनगंज, 30 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, शहर के रूईधासा स्थित प्राचीन महाकाल मंदिर में आयोजित दो दिवसीय महाकाल महोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच हवन, पूजन एवं विशेष आराधना संपन्न हुई। महोत्सव में बिहार, पश्चिम बंगाल, नेपाल सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।मंदिर के पुजारी गुरु साकेत तथा बनारस से पधारे महंत आचार्य कृष्णकांत त्रिपाठी एवं आचार्य बृजपाल त्रिपाठी के सान्निध्य में पूरे विधि-विधान के साथ महाकाल बाबा की विशेष पूजा-अर्चना कराई गई।धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान वातावरण ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।मंदिर के पुरोहित गुरु साकेत ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी महाकाल महोत्सव पूरे हर्षोल्लास और धार्मिक परंपराओं के अनुरूप मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालु सच्चे मन से बाबा महाकाल की आराधना करते हैं और ऐसी मान्यता है कि यहां मांगी गई मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण होती हैं।महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी सजावट से भव्य रूप दिया गया था। विशेष रूप से महाकाल बाबा की प्रतिमा की मनमोहक सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। श्रद्धालु पूरे दिन पूजा-अर्चना, आरती और प्रसाद ग्रहण करने के लिए मंदिर में जुटे रहे।उल्लेखनीय है कि महोत्सव की शुरुआत बुधवार शाम कलश विसर्जन शोभायात्रा के साथ हुई थी। गुरु साकेत के नेतृत्व में गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा वार्ड के विभिन्न मार्गों से होते हुए प्रेमपुल स्थित नदी तट पहुंची, जहां वैदिक विधि से कलश विसर्जन किया गया। इसके बाद नए कलश में जल भरकर शोभायात्रा पुनः मंदिर पहुंची और महोत्सव का शुभारंभ हुआ। महोत्सव के सफल आयोजन में समिति के राजेश दुबे, धर्मेंद्र सिंह, शैलेश ओझा, शंकर केशरी, दिया चारूस्त, सत्यम चारूस्त, मीरा सिन्हा, रोहित झा सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं व्यवस्था को लेकर समिति के सदस्य लगातार जुटे रहे।

Related Articles

Back to top button