किशनगंज : नए साल में पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
शराब तस्करी व हुड़दंग पर रहेगी पुलिस की कड़ी नजर
किशनगंज,29दिसंबर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, तीन दिनों बाद नए वर्ष का आगमन होने जा रहा है। नए साल को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहता है और बड़ी संख्या में लोग चिन्हित पिकनिक स्पॉटों पर जश्न मनाने पहुंचते हैं। इसे देखते हुए जिले में नए वर्ष के दौरान पिकनिक स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने इस संबंध में जिले के सभी थानाध्यक्षों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने थाना क्षेत्र के पिकनिक स्पॉटों को चिन्हित कर उनकी सूची तैयार करेंगे। आदेश जारी होते ही थानाध्यक्ष इस कार्य में जुट गए हैं। सूची तैयार होने के बाद संबंधित स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
सीमावर्ती जिलों पश्चिम बंगाल एवं नेपाल से सटे थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्षों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पिकनिक के दिन वाहनों की सघन जांच की जाएगी। वहीं, संबंधित सर्किल इंस्पेक्टर भी अपने-अपने क्षेत्र के पिकनिक स्थलों का नियमित जायजा लेते रहेंगे और पल-पल की जानकारी वरीय अधिकारियों को देंगे। बंगाल सीमा पर भी लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा।
भीड़-भाड़ वाले पिकनिक स्पॉटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। महिलाओं से छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा संवेदनशील स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। एसपी सागर कुमार ने स्पष्ट किया कि नए साल के जश्न में हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शराब पीने वालों पर रहेगी विशेष नजर
पश्चिम बंगाल सीमा से सटे होने के कारण आशंका है कि कुछ लोग बंगाल से शराब पीकर जिले में प्रवेश करने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे लोगों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में शराब बिक्री और शराब पीने वालों पर कड़ी नजर रखेंगे।
अक्सर देखा जाता है कि शराब के शौकीन लोग चाय बागान या एकांत स्थानों को पार्टी के लिए चुनते हैं। नए वर्ष के मौके पर ऐसे संभावित स्थानों की पहचान कर वहां भी पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाएगी। स्थानीय पुलिस बल एवं वरीय अधिकारियों की तैनाती कर शराब के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जाएगा।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि नए वर्ष का जश्न शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाया जाए तथा आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।


