किशनगंज : इंटरमीडिएट परीक्षा का दूसरा दिन शांतिपूर्ण, 5,859 परीक्षार्थी हुए शामिल
किशनगंज,03फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के 20 परीक्षा केंद्रों पर संचालित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को भी परीक्षा कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। जिला प्रशासन की सतत निगरानी के बीच दोनों पालियों में कुल 5,859 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 103 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
प्रथम पाली में 771 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए तथा 13 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में परीक्षार्थियों की संख्या अधिक रही, जिसमें 5,075 परीक्षार्थी उपस्थित हुए और 90 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। दूसरे दिन किसी भी परीक्षार्थी के निष्कासन की सूचना नहीं है।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देशानुसार परीक्षा प्रारंभ होने से आधा घंटा पूर्व ही केंद्रों के गेट बंद किए जाने के कारण परीक्षार्थी एक घंटा पहले ही केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। दूसरी पाली में परीक्षार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण कई केंद्रों के बाहर भीड़ देखी गई।
सोमवार और मंगलवार को जिलाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी तथा कदाचारमुक्त परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। परीक्षार्थियों की अधिक भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और ट्रैफिक डीएसपी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी।


