*पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जहानाबाद में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह*
*राष्ट्रीय बाक्सिंग पदक विजेता छात्राओं का हुआ सम्मान*

सुमित रंजन पाण्डेय/पटना/जहानाबाद*- पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जहानाबाद में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य श्री रवींद्र राम के स्वागत से हुई। समारोह में विद्यालय परिसर में उपस्थित सभी आगंतुकों एवं छात्र-छात्राओं ने सर्वप्रथम राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। इसके बाद प्राचार्य श्री रवींद्र राम ने तिरंगा फहराया, जिसके पश्चात सभी ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना व्यक्त की।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कक्षा तृतीय से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर आकर्षक समूह नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं कक्षा 11वीं की छात्रा वैष्णवी तथा कक्षा सातवीं की अनन्या वैष्णवी, विभा एवं सुप्रिया ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर ओजस्वी भाषण प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन सीसीए प्रभारी श्री मनोज कुमार ने किया, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का निर्देशन संगीत शिक्षक श्री नीरज कुमार पंकज के नेतृत्व में हुआ। समारोह के दौरान केन्द्रीय विद्यालय संगठन की राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विद्यालय की छात्राओं को सम्मानित किया गया। एलपीयू, जालंधर में आयोजित राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में कक्षा आठवीं की छात्रा वैशाली ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं नीतिका, सोनम एवं सान्वी ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
सभी पदक विजेता छात्राओं को प्राचार्य श्री रवींद्र राम ने सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्राओं ने शारीरिक शिक्षक श्री अनमोल चौधरी के नेतृत्व में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लिया था।
समारोह में कक्षा 10वीं के हिंदी विषय में पूरे पटना संभाग में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशिक्षित स्नातक हिंदी शिक्षिका श्रीमती निकिता को उत्कृष्टता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। उन्होंने हिंदी विषय में 90.71 का उच्चतम प्रदर्शन सूचकांक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्राचार्य ने उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्य श्री रवींद्र राम ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले क्रांतिकारियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन, त्याग और देशप्रेम से प्रेरणा लेने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। समारोह के अंत में प्राचार्य ने सभी पदक विजेता छात्राओं एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे कार्यक्रम में विद्यालय परिसर देशभक्ति के उत्साह और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत रहा।

