सहरसा : गणिनाथ गोविंद जी की पूजा संपन्न, खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण

सहरसा, 19 सितंबर (के.स.)। अजय कुमार, श्रीश्री 108 बाबा गणिनाथ गोविंद जी के द्वितीय जन्मोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को नगर परिषद सिमरी बख्तियारपुर के कानू टोला स्थित राजदेवी भवन में विधि-विधान के साथ बाबा गणिनाथ गोविंद जी की पूजा-अर्चना की गई। पूजा-अर्चना में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और बाबा के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। पूजनोत्सव को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। देखते ही देखते आयोजन स्थल श्रद्धालुओं से भर गया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच बाबा गणिनाथ गोविंद जी की पूजा संपन्न हुई। इस दौरान पूरा परिसर जय बाबा गणिनाथ गोविंद के जयघोष से गूंजता रहा।
पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन समिति की ओर से करीब डेढ़ क्विंटल चावल की खिचड़ी तैयार कराई गई थी। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर महाप्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद वितरण में आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
आयोजकों ने बताया कि बाबा गणिनाथ गोविंद जी के जन्मोत्सव के अवसर पर दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के माध्यम से समाज के लोगों को एकजुट करने के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। दूसरे दिन पूजा-अर्चना और महाप्रसाद वितरण को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।
जितेंद्र गुप्ता किए गए सम्मानित
पूजनोत्सव में शुक्रवार शाम अखिल भारतीय कानू हलवाई विचार मंच के बिहार प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता पहुंचे। वे बिहार सरकार के मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के प्रतिनिधि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में पहुंचने पर सुमित गुप्ता ने पाग-चादर एवं स्मृति चिह्न देकर उनका स्वागत किया। जितेंद्र गुप्ता ने समाज की मजबूती के लिए आपसी एकता को जरूरी बताते हुए कहा कि एकजुट होकर आगे बढ़ने से सामाजिक व शैक्षणिक विकास मजबूत होगा। उन्होंने समाज के लोगों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा ही बच्चों के बेहतर भविष्य और समाज को नई दिशा देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि बाबा गणिनाथ गोविंद का पूजनोत्सव धार्मिक आयोजन के साथ समाज को एकजुट करने और नई पीढ़ी को संस्कृति व परंपराओं से जोड़ने का अवसर भी है।



