सहरसा : डेढ़ करोड़ की स्वीकृत सड़क बदहाल, बुडको और नगर प्रशासन के दावे खोखले साबित

सहरसा, 04 अगस्त (के.स.)। डेस्क, सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-28 में बनहा चौक हनुमान मंदिर से कानू टोला, हाई स्कूल पोखर होते हुए स्टेशन चौक तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों और कांवड़ यात्रियों में नाराजगी है। करीब 1.55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क को लेकर किए गए प्रशासनिक दावे धरातल पर नहीं उतर सके हैं।
बताया जाता है कि 29 जुलाई को अनुमंडल पदाधिकारी आलोक राय के निर्देश पर बुडको की कनीय अभियंता पूजा कुमारी एवं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी रामविलास दास ने सड़क का निरीक्षण किया था। उस दौरान अधिकारियों ने बताया था कि योजना का टेंडर पूरा हो चुका है, संवेदक को कार्यादेश एवं एग्रीमेंट भी जारी कर दिया गया है तथा सावन माह में कांवड़ यात्रा से पहले सड़क को श्रद्धालुओं के आवागमन योग्य बना दिया जाएगा।
हालांकि सावन की पहली सोमवारी बीत जाने के बावजूद न तो सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ और न ही सड़क पर जमा पानी की निकासी की गई। स्थिति यह है कि राहगीरों और स्थानीय लोगों को घुटने भर पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी रामविलास दास ने इस सड़क को नगर परिषद क्षेत्र का महत्वपूर्ण बाईपास मार्ग बताते हुए कहा था कि इसके निर्माण से बाजार आने-जाने वाले लोगों और बड़े वाहनों को सुविधा मिलेगी। वहीं सभापति प्रतिनिधि हसन आलम और उपसभापति प्रतिनिधि सह वार्ड पार्षद विकास कुमार विक्की ने भी सड़क निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग करते हुए इसे कांवड़ यात्रियों एवं ग्रामीणों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और बुडको की ओर से किए गए सभी आश्वासन अब तक केवल कागजी साबित हुए हैं। सड़क की वर्तमान बदहाल स्थिति और जलजमाव प्रशासनिक दावों की पोल खोल रही है। लोगों ने अविलंब सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने और जलनिकासी की व्यवस्था करने की मांग की है।



