बिहारब्रेकिंग न्यूज़

सहरसा : कोशी बाढ़-कटाव पीड़ित परिवारों ने मांगा सरकारी मुआवजा व स्थायी पुनर्वास

एक दिवसीय महाधरना के माध्यम से जिलाधिकारी को सौंपा आवेदन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क व छात्रावास की सुविधा की भी मांग

सहरसा, 15 सितंबर (के.स.)। अजय कुमार, कोशी नदी की बाढ़ एवं कटाव से प्रभावित होकर बेघर हुए सैकड़ों परिवारों की समस्याओं के समाधान को लेकर कोशी पीड़ित परिवारों ने मंगलवार को एकदिवसीय महाधरना आयोजित कर अपनी आवाज बुलंद की। इस दौरान पीड़ित परिवारों की ओर से जिलाधिकारी को आवेदन सौंपकर सरकारी आर्थिक सहायता, उचित मुआवजा एवं स्थायी पुनर्वास की व्यवस्था कराने की मांग की गई।

पीड़ित परिवारों ने आवेदन के माध्यम से कहा कि कोशी बाढ़ एवं कटाव की समस्या से लंबे समय से सैकड़ों परिवार प्रभावित हैं। बार-बार आने वाली बाढ़ और कटाव के कारण लोगों को अपना घर, जमीन और आजीविका गंवानी पड़ रही है। कई परिवार बेघर होकर आर्थिक एवं सामाजिक संकट का सामना कर रहे हैं। इसके बावजूद पीड़ित परिवारों की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। धरना के माध्यम से पीड़ित परिवारों ने प्रशासन और सरकार का ध्यान अपनी विभिन्न मांगों की ओर आकृष्ट कराया।

उन्होंने कहा कि बाढ़-कटाव से प्रभावित परिवारों को तत्काल सरकारी आर्थिक सहायता एवं मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उन्हें सुरक्षित स्थान पर स्थायी रूप से पुनर्वासित करने की व्यवस्था की जाए, ताकि हर वर्ष बाढ़ एवं कटाव के कारण उन्हें विस्थापन का दंश नहीं झेलना पड़े।

शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क सुविधा की भी मांग

कोशी पीड़ित परिवारों ने अपने आवेदन में छात्र-छात्राओं एवं आम लोगों के लिए बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। पीड़ित छात्रों के लिए छात्रावास की व्यवस्था करने की भी मांग रखी गई, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़े।

इसके अलावा कोशी क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के स्थायी समाधान और समुचित विकास के लिए कोशी पीड़ित विकास प्राधिकार लागू करने की मांग भी की गई। पीड़ित परिवारों का कहना है कि कोशी क्षेत्र की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियों को देखते हुए विशेष योजना बनाकर विकास कार्य कराया जाना आवश्यक है। धरना के दौरान पीड़ित परिवारों ने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि कोशी बाढ़ एवं कटाव की समस्या केवल एक-दो वर्ष की नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही समस्या है। इसलिए राहत के साथ-साथ स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाया जाना जरूरी है।

इस अवसर पर महिषी विधायक गौतम कृष्ण ने धरनास्थल पर पहुंचकर कोशी पीड़ित लोगों की मांग का समर्थन करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौपा।उन्होने कोशी कटाव पीड़ित परिवार को मकान एवं बर्बाद फसल मुआवजा देने की मांग की गई। इस मौके पर राजद जिलाध्यक्ष मो ताहिर, महिषी विधायक गौतम कृष्ण, पूर्व प्रमुख पंचायत समिति सदस्य नौला दीपक यादव, शिवनंदन सदा सत्तौर, बैजनाथ यादव रसलपुर, मोहम्मद शमशुद, पंकज कुमार, सुशील कुमार, नरगिस राखी, संजय यादव, जीवछ पासवान, राजकुमार पासवान, मोहम्मद शकील सहित अन्य मौजूद रहे।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button