सहरसा : बख्तियारपुर पुलिस ने हथियार व शराब मामले में फरार चल रहे दो आरोपित को किया गिरफ्तार

सहरसा, 29 सितंबर (के.स.)। अजय कुमार, जिले के बख्तियारपुर थाना पुलिस ने अपराधियों एवं शराब तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना क्षेत्र के लगमा गांव में छापेमारी कर दो अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लगमा गांव निवासी प्रकाश सिंह और प्रवीण कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मंगलवार को सहरसा न्यायालय भेज दिया।
थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दो अलग अलग मामलों में फरार चल रहे आरोपित अपने गांव आया हुआ है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए छापेमारी की गई। इस दौरान हथियार, गोली एवं चुलाई शराब बरामदगी के मामले में फरार चल रहे प्रकाश सिंह को गिरफ्तार किया गया। उक्त मामले में आरोपित की पुलिस को लंबे समय से तलाश थी।
वहीं, दूसरे मामले में एक चारपहिया वाहन से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामदगी के मामले में फरार चल रहे प्रवीण कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार शराब बरामदगी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही थी और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा था।
थानाध्यक्ष ने बताया कि थाना क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों एवं अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी विशेष अभियान जारी है।



