सहरसा : शुभम भास्कर, विक्रम बिहारी व श्रद्धा झा की प्रस्तुति से सजेगा बाबा गणिनाथ गोविंद पूजनोत्सव

सहरसा, 16 सितंबर (के.स.)। अजय कुमार, बाबा गणिनाथ गोविंद के द्वितीय पूजनोत्सव में इस बार भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विशेष आकर्षण देखने को मिलेगा। 18 एवं 19 सितंबर को सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत कानू टोला स्थित राजदेवी भवन में आयोजित होने वाले दो दिवसीय पूजनोत्सव में प्रसिद्ध गायक शुभम भास्कर, विक्रम बिहारी एवं गायिका श्रद्धा झा अपनी प्रस्तुति देंगे। कलाकारों की प्रस्तुति को लेकर समाजबंधुओं और युवाओं में खासा उत्साह है।
इधर पूजनोत्सव की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।राजदेवी भवन परिसर में भव्य पंडाल निर्माण सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बुधवार को आयोजकों ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लेकर तैयारियों की समीक्षा की। गणिनाथ सेवक परिवार के सदस्य आयोजन को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए लगातार जुटे हुए हैं।
18 सितंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
आयोजकों ने बताया कि 18 सितंबर को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद मुख्य अतिथियों का स्वागत एवं प्रतिभावान बच्चों का सम्मान समारोह होगा। उसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें शुभम भास्कर, विक्रम बिहारी और श्रद्धा झा भक्ति एवं सांस्कृतिक गीत-संगीत की प्रस्तुति देंगे।
वहीं, 19 सितंबर को विधि-विधान के साथ बाबा गणिनाथ गोविंद की पूजा-अर्चना की जाएगी। पूजा के बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद एवं भंडारे का आयोजन होगा।
समाजबंधुओं को किया जा रहा आमंत्रित
पूजनोत्सव की सफलता को लेकर आयोजक क्षेत्र का भ्रमण कर गणिनाथ सेवकों एवं समाजबंधुओं को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। आयोजन की तैयारियों में युवा एवं मातृशक्ति भी सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पंडाल, भोजन, महाप्रसाद और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आयोजकों ने समाजबंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा गणिनाथ गोविंद के पूजनोत्सव में शामिल होने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।



