District Adminstrationकिशनगंजप्रमुख खबरेंबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : निविदा संख्या 03/2026-27 के प्रकाशन पर उठे सवाल, डीएम से शिकायत

स्थानीय संवेदक ने लगाया नियमों की अनदेखी का आरोप, जांच कर निविदा रद्द करने की मांग

किशनगंज, 03 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, किशनगंज की ओर से आमंत्रित निविदा संख्या 03/2026-27 के प्रकाशन और प्रक्रिया को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एक स्थानीय संवेदक ने सहयोग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराते हुए निविदा प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाया है। वहीं, महियारपुर निवासी मो. जुनैद आलम ने भी जिलाधिकारी को आवेदन देकर निविदा के पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं किए जाने की शिकायत की है।

शिकायतकर्ता ओसामा रेजा ने आरोप लगाया कि कार्यपालक अभियंता नसीम अख्तर एवं इस्टीमेटिंग ऑफिसर मुजाहिद आलम की मिलीभगत से निविदा प्रक्रिया में अनियमितता बरती गई है। उनका आरोप है कि मनपसंद संवेदक को सामान्य दर पर काम दिलाने का प्रयास किया गया, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान होने की आशंका है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं, मो. जुनैद आलम ने जिलाधिकारी को दिए आवेदन में कहा है कि निविदा का स्थानीय स्तर पर पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय दैनिक समाचार पत्रों के अलावा विभागीय वेबसाइट एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की वेबसाइट पर भी निविदा उपलब्ध नहीं कराई गई। इससे जिला मुख्यालय से बाहर रहने वाले इच्छुक स्थानीय संवेदकों को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी।

आवेदक ने सीमित संख्या में संवेदकों और कार्यकारी एजेंसी के बीच मिलीभगत की आशंका जताते हुए प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने पूर्व की निविदा संख्या 02/2026-27 का विभागीय वेबसाइट पर प्रकाशन होने का हवाला देते हुए निविदा संख्या 03/2026-27 के संबंध में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

इधर, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन के कार्यपालक अभियंता ने आरोपों से इतर कहा कि निविदा से संबंधित सूचना आवश्यक प्रक्रिया के तहत भेजी गई है तथा विभिन्न कार्यालयों को सूचना पट्ट पर प्रदर्शित करने के लिए भी भेजा गया है।

हालांकि मौके पर कार्यालय का सूचना पट्ट मुख्य गेट के कोने में पाया गया, जबकि भवन प्रमंडल के सूचना पट्ट पर निविदा की सूचना प्रदर्शित नहीं होने की बात सामने आई। शिकायत के बाद अब निविदा के प्रकाशन और प्रचार-प्रसार की प्रक्रिया को लेकर विभागीय स्तर पर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। शिकायतकर्ताओं ने निविदा की जांच कर आवश्यक कार्रवाई और नियमानुसार पुनः निविदा जारी करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button