ठाकुरगंज : पौआखाली में स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल, सड़क किनारे कचरे का अंबार

किशनगंज, 09 अगस्त (के.स.)। फ़रीद अहमद, नगर पंचायत पौआखाली मिडिल स्कूल के बगल से बाजार जाने वाली सड़क के किनारे इन दिनों कचरे का अंबार लगा हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार कचरे से उठ रही तेज दुर्गंध के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क किनारे जमा कचरे को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि यहां नियमित सफाई व्यवस्था नहीं हो रही है। दुर्गंध इतनी अधिक है कि लोगों को दूसरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय एक युवक ने राजनीतिक पेंच में न फंसे इसके डर से नाम ना बताने के शर्त पर कहा कि तकरीबन 1 महीने से अधिक हो गए लेकिन सफाई नहीं हुई जिसके कारण कचरे से दुर्गंध आने लगी है। लेकिन इस ओर किसी भी जिम्मेदार का ध्यान नहीं जा रहा है।
नगर पंचायत के संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए तत्काल कचरा हटाने और नियमित सफाई कराने की मांग उठने लगी है। सवाल यह भी उठ रहा है कि स्वच्छता अभियान के बावजूद सार्वजनिक सड़क के किनारे इस तरह कचरे का अंबार कैसे लगा हुआ है।
नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी द्वारा इस मामले को संज्ञान में लेकर स्थल का निरीक्षण करने एवं आवश्यक कार्रवाई करने की आवश्यकता है।



