हरनाटांड़ में “जन संवाद” कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न। जिलाधिकारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का किया गया शुभारम्भ।

खबर: डी.न.शुक्ला
आमजनों को दी जाएगी योजनाओं की जानकारी, प्राप्त किए जाएंगे सुझाव एवं प्रतिक्रिया : जिलाधिकारी।
बेतिया। विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजनों को प्रदान करने तथा उनके सुझाव एवं प्रतिक्रिया प्राप्त करने हेतु आज बगहा-02 प्रखंड अंतर्गत हाई स्कूल हरनाटांड़ में जन संवाद कार्यक्रम का सफलतापूर्वक का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी, दिनेश कुमार राय द्वारा जन संवाद कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया गया।
जन संवाद कार्यक्रम के तहत जिलास्तरीय पदाधिकारी द्वारा कृषि, पीएचईडी, शिक्षा, श्रम संसाधन, कल्याण, स्वास्थ्य, लोक शिकायत निवारण, पंचायती राज, ऊर्जा, ग्रामीण विकास, सहकारिता अल्पसंख्यक कल्याण,समाज कल्याण, आपदा प्रबंधन, खाद्य एवं उपभोक्ता, पथ निर्माण, ग्रामीण कार्य विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपस्थित ग्रामीणों को दी गयी।कार्यक्रम में संतपुर सोहरिया की महिला उद्यमी, श्रीमती सुमन देवी जो हनी, साबुन एवं मशरूम का उत्पादन कर रही हैं ने मशरूम उत्पादन में वृद्धि लाने के लिए आवश्यक संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही। वार्ड संघ के अध्यक्ष, छोटे श्रीवास्तव ने कहा कि इस कार्यक्रम की शुरुआत सराहनीय है। इसके लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद। इनके द्वारा पंचायत सेवक के प्रभार में रहने को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दी गयी। इन्होंने सुझाव दिया कि रोस्टर के अनुरूप पंचायत सेवक अपने पंचायतों में जाकर कार्यों को निष्पादित करें। प्रखंड कार्यालय में महिला जनप्रतिनिधयों के लिए बैठने की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके साथ ही शौचालय, पेयजल आदि की व्यवस्थाएं भी होनी चाहिए। पंचायत सरकार भवन, नरवल-बरवल को क्रियाशील कराया जाय।
इसी तरह बनकटवा के अशोक कुमार ने अतिक्रमण से संबंधित मामला, पीएचसी, हरनाटांड में मरीजों का बेहतर ईलाज के बारे में अपनी बात रखी। देवरिया तरुअनुवा की माननीया मुखिया द्वारा किसानों को सिंचाई करने हेतु सस्ते दर पर बिजली कनेक्शन देने, उप स्वास्थ्य केंद्र में दवाओं की उपलब्धता, योजनाबद्ध तरीके से राशन कार्ड निर्गत करना आदि की बात कही गयी। भारतीय थारू कल्याण महासंघ के उप सचिव, श्री तेजप्रताप काजी ने परिमार्जन आदि के संदर्भ में अपनी प्रतिक्रियाएं दी गयी।
प्राप्त प्रतिक्रियाओं पर संबंधित जिलास्तरीय/प्रखंड स्तरीय अधिकारियों द्वारा सरकार का पक्ष रखा गया।जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी, दिनेश कुमार राय ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आधारभूत संरचना के निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य से संबंधित योजनाओं, समाज सुधार के कार्यक्रमों के साथ-साथ कई लोक कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इन योजनाओं का लाभ आम जनों को ससमय एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध हो यह सरकार की प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा इस दिशा में तत्परतापूर्वक कार्य किया जा रहा है। पूर्व में भी ग्राम विकास शिविर का आयोजन कर ग्रामीणों को विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाता रहा है। उनकी समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना जाता रहा है और उसका नियमानुकूल समाधान भी किया जाता रहा है।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य यह भी जानना है कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजना/कार्यक्रम शत-प्रतिशत धरातल पर उतर रहा है अथवा नहीं। उन्होंने कहा कि थरुहट क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार एवं जिला प्रशासन की संकल्पित है। इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले सभी ग्रामीणों को बहुत-बहुत धन्यवाद। सभी से अपील है कि समाज में शांति एवं सद्भाव बनाए रखें। अशांति नहीं फैलने दे, इससे विकास बाधित होता है।उन्होंने बताया कि थरुहट विकास अभिकरण के माध्यम से थरुहट क्षेत्र के विकास के लिए कुल 317 योजनाएं ली गई हैं। जिसमें से 256 योजनाओं को पूर्ण कर लिया गया है शेष 61 योजनाएं प्रक्रियाधीन है, जिसे ससमय पूर्ण कर ली जाएगी।उन्होंने राजस्व मामलों के संदर्भ में लोगों से अपील किया कि सभी लोगों को आपस में कागज़ात पर सहमति से बंटवारा कर लेना चाहिए, ताकि भूमि विवाद की समस्या से बचा जा सके। सभी राजस्व कागजातों को अपडेट रखें। पूरा जिला प्रशासन सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने हेतु कृत संकल्पित है।पुलिस अधीक्षक, बगहा, किरण कुमार गोरख जाधव ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम के संचालन हेतु आप सभी को धन्यवाद है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी ग्रामीणों के समक्ष जाकर पूछ रहे हैं कि आपके लिए पुलिस क्या कर सकती है। बिना डरे कोई भी बात पुलिस को बताएं।उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं एवं बच्चों की सुविधा के लिए बगहा जिले के 13 थानों में महिला हेल्प डेस्क संचालित किया जा रहा है। प्रत्येक शनिवार को थाना स्तर पर जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। डायल 112 की 03 गाड़ियां फंक्शनल है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंर डायल करें 112। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इसकी मॉनिटरिंग करते हैं।
उप विकास आयुक्त, अनिल कुमार ने कहा कि आमजनों के लिए यह कार्यक्रम सुनहरा अवसर है। सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी लें और लाभ प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं का लाभ मोबाइल से लिया जा सकता है। मोबाइल का लाभ योजनाओं की जानकारी लेने हेतु भी करें। मोबाइल से आप एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस आदि को अपनी सहायता के लिए बुला सकते हैं। मोबाइल से अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी ली जा सकती है। उन्होंने कहा कि जानकारी होगी तभी आप सशक्त बनेंगे।
उन्होंने कहा कि आज एक नए कार्यक्रम जन संवाद का आगाज हुआ है। आप अपने सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं दें। यहाँ वितरित कराये गए विभिन्न योजनाओं से संबंधित पम्फलेट सुरक्षित रखें और उससे लाभ प्राप्त करें, एसडीएम, बगहा, डॉ0 अनुपमा सिंह ने कहा कि प्रसन्नता की बात है कि जिले में जन संवाद कार्यक्रम की शुरुआत बगहा अनुमंडल के हरनाटांड से हो रही है। आप सभी अपने सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं अवश्य दें। आपके सुझावों का दस्तावेजीकरण किया जाएगा। इसका ससमय नियमानुकूल तरीके से समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की सहभागिता से ही जन संवाद कार्यक्रम सफल होगा, इसलिए अपना सुझाव एवं प्रतिक्रिया अवश्य दें। इसके साथ ही एसडीएम , बगहा द्वारा क्रियान्वित विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी, उपलब्धि से आमजनों को अवगत कराया गया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, बगहा, किरण कुमार गोरख जाधव, उप विकास आयुक्त, अनिल कुमार, अपर समाहर्त्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनिल राय, एसडीएम, बगहा, डॉ0 अनुपमा सिंह सहित सभी विभागों के जिलास्तरीय, अनुमंडल स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, माननीय जनप्रतिनिधिगण एवं हजारों की संख्या में स्थानीय जन उपस्थित रहे।