सहरसा : हिंदी पखवाड़ा के तहत, स्नातकोत्तर केंद्र हिंदी विभाग द्वारा कार्यक्रम आयोजित
आहूत समारोह में विभागीय प्राध्यापकों को भी किया गया सम्मानित

सहरसा, 19 सितंबर (के.स.)। अजय कुमार, स्नातकोत्तर केंद्र हिंदी विभाग के छात्र-छात्राओं द्वारा चल रहे हिंदी पखवाड़ा के दौरान शुक्रवार को एक समारोह का आयोजन किया गया जिसमें विभागीय प्राध्यापकों को सम्मानित भी किया गया, इस मौके पर एक संगोष्ठी ‘जेन जी और हिन्दी’ विषय पर आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न छात्राओं द्वारा अपनी राय रखी गई।
कई छात्रों ने कहा कि मौजूदा पीढ़ी का हिंदी के प्रति कोई लगाव कम नहीं हुआ है, वरन् इसमें बढ़ोतरी ही हुई है, हां यह अलग बात है कि व्याकरण की अशुद्धियों पर आज की पीढ़ी ध्यान नहीं देती साथ ही बड़े-बड़े शब्दों एवं वाक्यों के स्थान पर छोटे-छोटे शब्दों एवं वाक्यों से ही काम चलाना चाहती है, कई छात्रों का यह भी कहना था कि हिंदी के साथ-साथ इंग्लिश के शब्दों के इस्तेमाल में आज की पीढ़ी गुरेज नहीं करती है।
सम्मान समारोह सह संगोष्ठी को संबोधित करते हुए विभाग के वरीय प्राध्यापक डॉ सिद्धेश्वर कश्यप ने कहा कि हिंदी आज रोजगार देने का एक बहुत बड़ा माध्यम बन चुकी है, लिहाजा आज की जनरेशन हिंदी के प्रति और अधिक उन्मुख हुई है।
विभाग के प्राध्यापक डॉ जैनेंद्र कुमार ने कहा कि आज की पीढ़ी में सीखने की एक अलग तरह की ललक है और बहुत कम समय में वे बहुत कुछ सीखना चाहते हैं, साथ ही कम शब्दों के माध्यम से ही वे अपनी बात को अभिव्यक्त भी कर देते हैं यह उनकी रचनात्मक ताकत है।
विभागीय प्राध्यापिका डॉ अणिमा ने अपने संबोधन में आज के छात्रों को धैर्य एवं सहनशील बनने की नसीहत देते हुए कहा कि किसी भी कार्य को मुकाम तक पहुंचने में कुछ वक्त लगता है तथा छात्रों को अपने लक्ष्य प्राप्ति के वास्ते जहां कृत संकल्पित होने की जरूरत है वही उन्हें धैर्य धारण करने की भी जरूरत है।
विभागीय अध्यक्ष डॉ लाला प्रवीण कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि आज की पीढ़ी हिंदी को उसी तरह आत्मसात कर रही है, जैसे की पुरानी पीढ़ी किया करती थी परंतु सोशल मीडिया की बढ़ती धमक के कारण हिंदी के स्वरूप में विकृति जरूर आई है उन्होंने छात्रों से नकारात्मक विचारों से परहेज करने की नसीहत देते हुए कहा कि ऐसे ख्याल प्रगति में व्यवधान डालने का कार्य करते हैं।
इस मौके पर छात्र आनंद कुमार, मिट्ठू कुमार, रोशन कुमार, अमित कुमार, राजू कुमार, राजा कुमार, गौतम कुमार, धीरज कुमार, अंशु कुमार, नैना कुमारी, निधि प्रिया, कुमारी प्रिया, सुरभी सिन्हा, अनु कुमार, निकिता कुमारी, मुस्कान कुमारी, अंजली कुमारी, श्वेता कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, पूर्णिका कुमारी, सुष्मिता कुमारी, माधुरी कुमारी, प्रतिभा कुमारी, सहित बड़े संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे कार्यक्रम का संचालन छात्र आनंद कुमार द्वारा किया गया जबकि धन्यवाद ज्ञापन सुरभि सिन्हा ने किया।



