झारखंडताजा खबरदेशप्रमुख खबरेंराजनीतिराज्य

देश दुनिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बढ़ाया भारत का सम्मान

2024 में तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने एवं झारखंड में भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनाने का किया आह्वान


रांची : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने अपनी संकल्प यात्रा के क्रम में रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र की संकल्प सभा को संबोधित किया। सभा में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता एवं जनता ने बाबूलाल मरांडी को सुना। सभास्थल से पूर्व दो किलोमीटर की स्वागत रैली में उनका भव्य स्वागत हुआ। सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने अपने आक्रामक अंदाज में हेमंत सोरेन सरकार पर कड़ा प्रहार किया।

उन्होंने कहा झारखंड की सत्ता में बैठी राज्य सरकार में झारखंड तबाह हो चुका है। एक तरफ खान, खनिज, कोयला, लोहा, पत्थर, बालू की लूट मची है। अपराधी बेलगाम हैं, पुलिस प्रशासन वसूली में लगा हुआ है और जनता परेशान है। उन्होंने राज्य संपोषित भ्रष्टाचार की चर्चा करते हुए कहा कि जिस राज्य में लूटने और लुटवाने का सिलसिला तेज हो वहां भ्रष्टाचार मिटाने की उम्मीद बेमानी है। उन्होंने कहा कि राज्य में दलाल बिचौलिए हावी हैं। आम आदमी को घर बनाने के लिए बालू नहीं मिल रहा लेकिन दलाल और लुटेरे राज्य से बालू को बिहार, बंगाल, उत्तर प्रदेश और मुंबई तक भेज रहे हैं। इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य में जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र कौन कहे मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में भी पैसे देने पड़ रहे हैं। बहु बेटों का राशन कार्ड में नाम जुड़वाने के लिए पैसे देने पड़ रहे हैं। कहा कि पदाधिकारी पूछने पर बोलते हैं पद पोस्ट को मोबाइल की तरह रिचार्ज कराना पड़ता है, नजराना देकर आए हैं तो लेंगे ही।

उन्होंने कहा कि राज्य में लुटेरों, दलालों, बिचौलियों को बचाने के लिए पैरवी की जा रही है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य में अपराधियों का हिम्मत बढ़ा है। राज्य में बहन बेटियां सुरक्षित नहीं है। बेटियों को कहीं पेट्रोल से जलाया जा रहा तो कहीं टुकड़ों में काट दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य में जब झामुमो कांग्रेस राजद की सरकार बनती है तो लूट, भ्रष्टाचार की चर्चा होती है और जब भाजपा के नेतृत्व में देश और प्रदेश में सरकार बनती है तो विकास की चर्चा होती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस 60 वर्षों के शासन में गांव तक सड़क बिजली नहीं पहुंचा पाई। गांव की सड़कें प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की देन है। कहा कि मोदी सरकार पिछले 9 वर्षों से गांव, गरीब, किसान, मजदूर के विकास की चिंता कर रही है। भाजपा की राज्य की पिछली रघुवर सरकार ने मिलकर घर घर बिजली पहुंचाई। आज गरीबों के घर भी बन रहे और उसमें शौचालय, गैस सिलेंडर, बिजली सबकी सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं प्रधानमंत्री ने गरीबों के लिए अनाज की चिंता की। कोरोना में जनधन खाता में पैसा दिया, किसान सम्मान निधि भेजे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आज अनाज को भी लूटवा दे रही है। हेमंत सोरेन सरकार में सड़क की मरम्मती तक नहीं हो रही है। विद्यालयों में शिक्षक नहीं है, अस्पताल में दवा नहीं है,डॉक्टर नहीं है। बिजली की घंटों कटौती हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश और दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाया है। पूरी दुनिया भारत की ओर उम्मीद से देख रही है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यह संकल्प यात्रा राज्य से भ्रष्ट और निकम्मी सरकार को हटाने के लिए सभी को संकल्प दिलाने के लिए है। उन्होंने कहा कि 2024 में देश और प्रदेश दोनों के चुनाव होने हैं। उन्होंने कहा कि देश के गौरव में चार चांद लगाने के लिए विकास को और आगे बढ़ाने के लिए तीसरी बार नरेंद्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाने के लिए जनता संकल्पित है। उन्होंने आह्वान किया कि झारखंड में भी 2024में भाजपा के नेतृत्व में मजबूत सरकार बनाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
error: Content is protected !!