पौआखाली नगर बाजार में CCTV लगाने की पहल, थानाध्यक्ष ने भेजा प्रस्ताव
किशनगंज,20मार्च(के.स.)। फ़रीद अहमद, पौआखाली नगर बाजार क्षेत्र में बढ़ती भीड़, यातायात दबाव एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पौआखाली थाना द्वारा नगर पंचायत को CCTV कैमरे लगाने का प्रस्ताव भेजा गया है।
थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि बाजार क्षेत्र में अनियंत्रित भीड़ और वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, सार्वजनिक स्थानों पर CCTV कैमरों के अभाव में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण करना भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
प्रस्ताव में बाजार के मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वार, प्रमुख चौक-चौराहों, संकरी गलियों तथा महत्वपूर्ण व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास CCTV कैमरे लगाने की आवश्यकता बताई गई है। थानाध्यक्ष ने कहा कि कैमरे लगने से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान आसान होगी, अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी तथा किसी भी घटना की जांच में साक्ष्य उपलब्ध हो सकेंगे।
इस संबंध में नगर पंचायत से आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। पुलिस प्रशासन ने तकनीकी स्थल चयन में हरसंभव सहयोग देने की भी बात कही है।
वहीं, इस संबंध में नगर पंचायत पौआखाली के कार्यपालक पदाधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। संपर्क स्थापित होते ही उनका पक्ष भी प्रकाशित किया जाएगा।



