राशन कार्ड का केवाइसी कराने गए युवक की पीट-पीटकर हत्या कर देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

सहरसा : /अजय कुमार/कोसी के दियारा क्षेत्र फरकिया स्थित चिड़ैया थाना क्षेत्र के हनुमान टोला में शनिवार को राशन कार्ड का केवाइसी कराने गए युवक अर्जुन सादा की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर तीन नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कोकराहा गांव निवासी मुकेश कुमार, सूरज कुमार एवं शंकर कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने रविवार को तीनों आरोपितों को सहरसा न्यायालय भेज दिया।
घटना के संबंध में रविवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी निशिकांत भारती ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया की शनिवार को अर्जुन सादा गांव में ही राशन कार्ड का केवाइसी कराने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर गांव के ही कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। मारपीट में अर्जुन सादा को गंभीर चोट के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजन ने चिड़ैया थाना में तीन नामजद के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी। मामले की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
”एसपी के निर्देश पर गठित की गई विशेष टीम”
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सहरसा के निर्देश पर उनके नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में चिड़ैया थानाध्यक्ष इंद्रजीत तांती, दरोगा प्रेमचंद चौधरी, सुबोध कुमार सिंह एवं सशस्त्र बल के जवानों को शामिल किया गया। विशेष टीम ने नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घटना के 24 घंटे के अंदर ही आरोपितों की गिरफ्तारी संभव हो सकी। एसडीपीओ निशिकांत भारती ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपितों को रविवार को सहरसा न्यायालय भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



