अब घर बैठे प्राप्त करें घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/राज्य में स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं उपभोक्ता अनुकूल बनाया गया है। अब आम नागरिक घर बैठे ही ऑनलाइन माध्यम से घरेलू PNG कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिससे उन्हें पारंपरिक गैस सिलेंडर पर निर्भरता से मुक्ति मिलेगी और निरंतर गैस आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
राज्य के पटना जिले में GAIL , बांका जिले में HPCL, बेगूसराय जिले में THINK GAS,, गयाजी एवं नालंदा जिले में IOAGPL, दरभंगा, गोपालगंज, मधुबनी, पश्चिमी चम्पारण, पूर्वी चम्पारण,शिवहर, सीतामढ़ी,सिवान, एवं सुपौल जिलों में BPCL तथा राज्य के शेष जिलों में IOCL सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) कंपनी द्वारा घरेलू PNG गैस कनेक्शन प्रदान की जा रही है।इच्छुक उपभोक्ता अपने जिले के संबंधित सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निःशुल्क ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
आवेदन के उपरांत उपभोक्ता को निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेज जैसे पहचान प्रमाण एवं पता प्रमाण अपलोड करना अनिवार्य होगा। दस्तावेजों के सफल सत्यापन के बाद उपभोक्ता को एक यूनिक बीपी (बिजनेस पार्टनर) नंबर जारी किया जाएगा, जो आगे की सभी सेवाओं एवं बिलिंग प्रक्रिया के लिए आवश्यक होगा।
घरेलू PNG कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं को सुरक्षा जमा राशि के रूप में ₹4500/- (बिना ब्याज, रिफंडेबल) का एकमुश्त भुगतान करना होगा। इसके अतिरिक्त एक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत ₹500/- (रिफंडेबल) जमा कर प्रतिदिन ₹1/- के किराया शुल्क पर भी कनेक्शन प्राप्त किया जा सकता है, जिसे बाद में पूर्ण ₹4500/- योजना में परिवर्तित किया जा सकता है।
प्रक्रिया के अगले चरण में तकनीकी सर्वेक्षण के माध्यम से कनेक्शन की व्यवहार्यता का आकलन किया जाता है। स्वीकृति मिलने के पश्चात एमडीपीई पाइपलाइन द्वारा बाहरी नेटवर्क का विस्तार किया जाता है तथा जीआई/कॉपर पाइपिंग के माध्यम से गैस आपूर्ति उपभोक्ता के घर तक पहुंचाई जाती है। इसके साथ ही गैस मीटर, रेगुलेटर एवं पाइपिंग की फिटिंग, लीकेज परीक्षण एवं आवश्यक सुरक्षा जांच पूर्ण की जाती है।
घरेलू गैस कनेक्शन सक्रियण के दौरान उपभोक्ता के मौजूदा एलपीजी स्टोव को PNG उपयोग हेतु उपयुक्त बनाया जाता है तथा सभी सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच के बाद गैस आपूर्ति प्रारंभ कर दी जाती है।
घरेलू PNG गैस कनेक्शन की पूरी प्रक्रिया पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड (PNGRB) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जाती है, जिससे उपभोक्ताओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित हो सके।
घरेलू PNG कनेक्शन उपलब्धता संबंधित क्षेत्र में CGD नेटवर्क के विस्तार पर निर्भर करेगी।
उपभोक्ता अपने जिले में कार्यरत संबंधित सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) कंपनी से संपर्क कर इस संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

